Bihar News: बिहार के मोतिहारी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक को अज्ञात अपराधियों द्वारा व्हाट्सएप पर कथित वीडियो भेजकर रंगदारी मांगी गई है। अपराधियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए मोटी रकम की मांग की, जिसके बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मोतिहारी केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक विजय कुमार अरोड़ा के मोबाइल पर बीते 3 मई को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज के साथ कुछ वीडियो भी भेजे गए, जिनके बारे में दावा किया गया कि वे जेल परिसर के अंदर के हैं। वीडियो भेजने के तुरंत बाद अपराधियों ने फोन कर जेल अधीक्षक से रंगदारी की मांग शुरू कर दी। उन्होंने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो को सोशल मीडिया समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अगले दिन यानी 4 मई को फिर से उसी नंबर से कॉल किया गया। इस दौरान अपराधियों ने दावा किया कि उनके पास और भी कई वीडियो मौजूद हैं। साथ ही जेल अधीक्षक को फर्जी मुकदमों में फंसाने और उनकी छवि खराब करने की धमकी भी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों के बाद जेल प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
जेल अधीक्षक की शिकायत पर नगर थाना में कांड संख्या 395/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुट गई है। मोबाइल नंबर की लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला ब्लैकमेलिंग और रंगदारी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो कहां से रिकॉर्ड किए गए और आरोपी किस नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस साजिश में जेल से जुड़े किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।