Bihar News: मोतिहारी शहर में सोमवार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल छतौनी चौक से लेकर ढाका रोड तक बुलडोजर एक्शन चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया. अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया, जबकि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला.


प्रशासन की टीम सुबह से ही भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंच गई. अभियान का नेतृत्व सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहरा कर रहे थे. उनके साथ प्रभारी अंचलाधिकारी सुनील कुमार, छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय पासवान समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.


अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों, टीन-टप्पर, अवैध शेड, ठेलों और अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया. कई जगहों पर लोगों ने कार्रवाई शुरू होते ही खुद अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि जिन लोगों ने प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी की, उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया गया.


कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों और स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि यह अभियान आम लोगों की सुविधा और शहर को जाममुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण इस मार्ग पर आए दिन भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.


सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहरा ने बताया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई है. पिछले कई दिनों से लगातार माइकिंग कर लोगों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जा रही थी. इसके अलावा संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए गए थे. बावजूद इसके कई लोगों ने अवैध कब्जा नहीं हटाया, जिसके बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा.


उन्होंने कहा कि छतौनी चौक शहर का सबसे व्यस्त चौराहा है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है. सड़क पर फैले अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी. ऐसे में आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है.