MOTIHARI: पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा कोबेया स्थित HP गैस प्लांट के सामने हुआ, जहां सड़क पर बंधी रस्सी से टकराने के कारण युवक की जान चली गई।


मृतक की पहचान हरसिद्धि बाजार निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजेश कुमार बाइक से गुजर रहे थे, तभी अचानक सड़क पर बंधी रस्सी उनकी गर्दन में फंस गई। इससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में HP गैस प्लांट के मैनेजर रंजन कुमार से भी पूछताछ की है। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने गैस प्लांट प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।


इस बीच गैस प्लांट प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।