MOTIHARI: मोतिहारी में भोजपुरी गायक और वीआईपी पार्टी के पूर्व नेता विनोद बेदर्दी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विनोद बेदर्दी यूट्यूबर, कंटेंट क्रिएटर और कलाकारों को संबोधित करते हुए यह कहते नजर आ रहा है कि अगर किसी को पुलिस या प्रशासन से सामना करना पड़े तो वे सिर्फ उनका नाम और तस्वीर दिखा दें।


मेरी तस्वीर ही काफी है, फोटो दिखाने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वीडियो सामने आने के बाद साइबर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और विनोद बेदर्दी को नोटिस जारी कर थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा है।


दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में विनोद बेदर्दी जिले के यूट्यूबर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और कलाकारों को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान वह दावा करते नजर आ रहे हैं कि पुलिस या प्रशासन से किसी तरह की परेशानी होने पर कलाकार और क्रिएटर उनका नाम और तस्वीर दिखाकर राहत पा सकते हैं। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है।


वीडियो सामने आने के बाद साइबर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विनोद बेदर्दी को नोटिस भेजा है। पुलिस ने उन्हें थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। साथ ही, नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपस्थित होकर जवाब नहीं देने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।


फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की जांच जारी है। अब देखना होगा कि नोटिस के बाद विनोद बेदर्दी पुलिस के सामने क्या सफाई देते हैं और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।


मोतिहारी से सोहराब आलम साहिल की रिपोर्ट