Bihar Police: बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक ऑटो जब्त किया है।

मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी-2 जितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक ऑटो से शहर के बरियारपुर इलाके की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी शुरू की।


तलाशी के दौरान ऑटो में सवार अब्बास खान नामक युवक के पास से एक देसी पिस्टल बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने ऑटो में बैठे सभी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर डीआईयू और एसटीएफ की टीम ने पकड़ीदयाल इलाके में छापेमारी कर दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक और देसी पिस्टल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्बास खान, अबरार अंसारी, इम्तेयाज खान, रंजीत कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं और इनके संबंध अन्य जिलों से भी हो सकते हैं।


पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए जा रहे थे और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे।