Motihari News:मोतिहारी के केसरिया में कथित तेजाब हमले की घटना में एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। सूद के पैसों को लेकर हुए विवाद में स्वर्ण व्यवसायी अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार, उनकी पत्नी रिंकी कुमारी और उनका ढाई साल का बेटा यश झुलस गया। तीनों का गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर में इलाज चल रहा है।
तेजाब से झुलसे ढाई साल के मासूम यश की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, शरीर पर तेजाब गिरने के कारण उसे पेशाब करने में परेशानी हो रही है और डॉक्टरों ने कैथेटर लगाया है। जलन और दर्द के कारण बच्चा लगातार कराह रहा है।
15 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़ा है विवाद
परिजनों के मुताबिक, अमित कुमार ने करीब 15 लाख रुपये सूद पर लिए थे। उनका दावा है कि इसमें से करीब 10 लाख रुपये वापस किए जा चुके थे। आरोप है कि बकाया पांच लाख रुपये के सूद के बदले आरोपी पक्ष करीब 40 लाख रुपये कीमत की जमीन लिखने का दबाव बना रहा था।
परिजनों का कहना है कि जब अमित के जमीन बेचने की जानकारी दूसरे पक्ष को मिली तो वे कथित तौर पर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले मारपीट की गई और इसके बाद अमित, उनकी पत्नी और बच्चे पर तेजाब फेंक दिया गया।
मासूम समेत तीन लोग झुलसे
घटना में अमित कुमार, उनकी पत्नी रिंकी कुमारी और ढाई साल का बेटा यश गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद तीनों को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों का आरोप है कि हमले में ढाई साल के बच्चे को भी नहीं बख्शा गया। तेजाब से झुलसने के बाद बच्चे को पेशाब करने में परेशानी हो रही है और उसे कैथेटर के सहारे रखा गया है।
थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर भी आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जिस पक्ष पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया जा रहा है, उसी पक्ष की ओर से केसरिया थाने में अमित कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई।
वहीं, मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस घटना के कारणों, दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और तेजाब हमले के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट