PATNA:पटना के मंदिरी इलाके में बनी नई टू-लेन सड़क ‘नवीन किशोर सिन्हा पथ’ को मुख्य सड़क श्रेणी में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद इस क्षेत्र के निवासियों को बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि प्रॉपर्टी टैक्स में करीब 33 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। यह प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की आगामी बैठक में रखा जाएगा, जिसके बाद इसे नगर विकास एवं आवास विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।  


पटना के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए मंदिरी नाला को ढककर टू लेन सड़क बनाया गया। 11 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस टू लेन सड़क का उद्घाटन किया। बांकीपुर विधानसभा के पूर्व विधायक,राज्यसभा सांसद एवं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्राट चौधरी के पिता स्व. नवीन किशोर सिन्हा के नाम पर मंदिरी नाला पर बनी टू लेन सड़क का नाम रखा गया। इससे लोगों को जाम से मुक्ति तो मिलेगी ही लेकिन अब 'नवीन किशोर सिन्हा पथ' (मंदिरी नाला रोड) के आस-पास रहने वाले लोगों को पॉकेट भी ढीली करनी पड़ेगी। 


अब मंदिरी एरिया के लोगों को 33% ज्यादा प्रॉपर्टी टैक्स देना होगा। बता दें कि जब नाले पर बने रोड का उद्घाटन हो रहा था, तभी मुख्यमंत्री ने ऐलान किया था कि अब यह इलाका कमर्शियल हो गया है, अब यहां बड़े-बड़े मॉल और शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनेगा। मंदिरी इलाके के इस बड़े नाले को ढककर रोड बनने से इस मुहल्ले का कायाकल्प हो गया है। अब यह बात निकलकर सामने आ रही है कि अब इस टू लेन मार्ग को मुख्य सड़कों की कैटेगरी में शामिल किया जाएगा। जिसके चलते इस इलाके में प्रॉपर्टी टैक्स करीब 33 प्रतिशत बढ़ जाएगा। इस प्रस्ताव को विभाग को भेजा जाएगा। 


इससे पहले पटना नगर निगम बोर्ड की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया जाएगा। पटना में नगर निगम द्वारा सड़कों के वर्गीकरण और मंदिरी नाले पर बनी नई सड़क को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग की स्वीकृति के बाद सड़क की श्रेणी बदलकर प्रॉपर्टी टैक्स प्रणाली में भी संशोधन किया जाता है। यह पूरी व्यवस्था सड़कों की चौड़ाई के आधार पर तय की जाती है।


सड़कों का वर्गीकरण और टैक्स व्यवस्था

शहर में सड़कों को उनकी चौड़ाई के अनुसार तीन श्रेणियों में बांटा गया है।

40 फीट से अधिक चौड़ी सड़कें ‘प्रधान मुख्य सड़क’ मानी जाती हैं।

20 से 40 फीट चौड़ी सड़कें ‘मुख्य सड़क’ की श्रेणी में आती हैं।

20 फीट से कम चौड़ी सड़कें ‘अन्य सड़क’ श्रेणी में रखी जाती हैं।

इन्हीं श्रेणियों के आधार पर संपत्तियों से प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जाता है।


मंदिरी नाले पर नई सड़क का निर्माण

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा मंदिरी नाले का जीर्णोद्धार करते हुए उसे ढककर उसके ऊपर सड़क का निर्माण किया गया है। यह सड़क नेहरू पथ (बेली रोड) पर तारामंडल से शुरू होकर जेपी गंगा पथ तक जाएगी। इसकी कुल लंबाई 1289 मीटर है। 115 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण करीब पांच साल में किया गया है। इसे मार्च 2027 तक जेपी गंगा पथ से जोड़ा जाएगा। जिसके बाद नेहरु पथ अशोक राजपथ होते हुए जेपी गंगा पथ से जुड़ जाएगा। जिसके बाद जेपी गंगा पथ के पश्चिम एलसीटी घाट, दीघा घाट एवं पूरब में पीएमसीएच, कृष्णा घाट, गायघाट, कंगनघाट, गुरुद्वारा, दीदारगंज जैसे इलाकों में आवागमन आसान हो जाएगा।