Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी जिले में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हरसिद्धि-छपवा मुख्य पथ पर सड़क किनारे मक्का के खेत से एक युवक का शव बरामद हुआ। घटना हरसिद्धि थाना क्षेत्र के धनखरैया पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।


मृत युवक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव निवासी स्वर्गीय सुखल साह के 30 वर्षीय पुत्र रमेश साह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


घटनास्थल की स्थिति को देखकर पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को सुनसान इलाके में लाकर मक्का के खेत में फेंक दिया गया। पुलिस आसपास के इलाके में साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


बताया जा रहा है कि मृतक रमेश साह नेपाल में अपने बहनोई के साथ रहकर काम करता था। उसके बहनोई की वहां दुकान है और रमेश लंबे समय से उसी के पास रह रहा था। गांव वालों के अनुसार, उसे आखिरी बार रविवार को गांव में देखा गया था। इसके बाद सोमवार सुबह उसका शव मिलने से परिवार और गांव में मातम पसर गया।


जानकारी के मुताबिक रमेश साह की तीन बहनों की शादी घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर पनापुर गांव में हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही बहनों और उनके परिजन मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।


पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और दोस्ती में दुश्मनी समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।


हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।