BJP Leader Rinku Pathak EOU Raid: पूर्वी चंपारण के केसरिया नगर पंचायत के वार्ड पार्षद रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकु पाठक और उनकी पत्नी, मुख्य पार्षद किरण देवी के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में EOU की टीम ने मंगलवार को पूर्वी चंपारण से लेकर पटना तक पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली. इस दौरान 2.50 लाख रुपये नकद, कई वाहनों से जुड़े कागजात, आभूषण और जमीन खरीद से संबंधित 54 दस्तावेज बरामद किए गए हैं.


EOU के अनुसार, रजनीश कुमार पाठक और उनकी पत्नी के खिलाफ ज्ञात आय के वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 29/26 दर्ज किया गया है. इसी मामले में विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई की गई.


केसरिया से पटना तक पांच ठिकानों पर छापा

EOU की टीम ने रजनीश कुमार पाठक के केसरिया स्थित पैतृक आवास, केसरिया बाजार में पेट्रोल पंप के पास स्थित निजी आवास, युवराज गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम तथा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद कार्यालय में तलाशी ली. इसके अलावा पटना के दानापुर स्थित पार्क वेस्ट अपार्टमेंट के फ्लैट में भी टीम ने जांच की.


तलाशी की कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टास्क फोर्स के सहयोग से की गई.


3.56 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का दावा

EOU के मुताबिक शुरुआती जांच में रजनीश कुमार पाठक और उनकी पत्नी के ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कुल 3 करोड़ 56 लाख 65 हजार 118 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है. जांच एजेंसी के अनुसार यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 124.81 प्रतिशत अधिक है.


जांच एजेंसी का कहना है कि तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेजों की जांच अभी जारी है. दस्तावेजों के अवलोकन के बाद आय से अधिक संपत्ति की राशि में और बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है.


जमीन के 54 कागजात मिले

तलाशी के दौरान EOU को पटना, दिल्ली, मुंबई, मोतिहारी और केसरिया में जमीन खरीद से जुड़े 54 दस्तावेज मिले हैं. जांच एजेंसी के अनुसार इन संपत्तियों की कीमत करोड़ों रुपये में है. इसके अलावा कई वाहनों से संबंधित कागजात और आभूषण भी बरामद किए गए हैं.


EOU अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन संपत्तियों की खरीद के लिए रकम का स्रोत क्या था.


EOU के अनुसार रजनीश कुमार पाठक पहली बार वर्ष 2008 में केसरिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 से वार्ड पार्षद निर्वाचित हुए थे. वह वर्ष 2018 तक वार्ड पार्षद रहे. इसके बाद वर्ष 2023 में वह वार्ड नंबर 7 से फिर वार्ड पार्षद निर्वाचित हुए और वर्तमान में इसी पद पर हैं.


उनकी पत्नी किरण देवी वर्ष 2023 से केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद हैं.


EOU की तलाशी के दौरान बरामद नकदी, जमीन के दस्तावेज, वाहनों से जुड़े कागजात और अन्य सामान का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है. जांच एजेंसी का कहना है कि बरामद दस्तावेजों के आधार पर संपत्तियों और आय के स्रोतों की पड़ताल आगे बढ़ाई जाएगी.


रजनीश कुमार पाठक और उनकी पत्नी के खिलाफ दर्ज मामले तथा लोक सेवक के रूप में कर्तव्य के विचलन से संबंधित जानकारी सक्षम प्राधिकार को भी उपलब्ध कराई जा रही है.