Bihar Police: पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा में चोरों ने चोरी के लिए अब ऐसी जगह को निशाना बनाने की कोशिश की, जहां पुलिस की मौजूदगी रहती है. पलनवा थाना परिसर में खड़े जब्त ट्रक का चक्का खोलकर ले जाने पहुंचे दो आरोपियों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. हैरानी की बात यह है कि दोनों आरोपी थाना परिसर में घुसकर काफी देर तक ट्रक का चक्का खोलते रहे और पुलिस को इसकी भनक तब लगी, जब एक पुलिस जवान की नजर उन पर पड़ी.


जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है. दो युवक पलनवा थाना परिसर में दाखिल हुए और वहां खड़े जब्त ट्रक का चक्का खोलने लगे. दोनों ने एक चक्का खोल लिया था. इसके बाद वे दूसरे चक्के के बोल्ट खोल रहे थे, तभी एक पुलिस जवान की नजर उन पर पड़ गई. इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया.


गिरफ्तार आरोपियों में एक स्थानीय चौकीदार का पुत्र भी बताया जा रहा है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे थाना परिसर में कैसे पहुंचे और इस घटना में उनके साथ कोई और भी शामिल था या नहीं.


पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त ट्रक का चक्का खोलते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.


थाना परिसर में चोरी की कोशिश ने उठाए सवाल

अब जरा सोचिए, जिस जगह पर पुलिस का पहरा और निगरानी होनी चाहिए, अगर उसी थाना परिसर में घुसकर चोर जब्त वाहन का चक्का खोलने लगें तो आम लोगों के घर और दुकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना लाजिमी है. इस घटना ने पुलिस की निगरानी और थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.


चोरों का थाना परिसर तक पहुंच जाना और एक चक्का खोल लेने के बाद दूसरे चक्के के बोल्ट खोलना बताता है कि उन्हें पुलिस की मौजूदगी का खास डर नहीं था. हालांकि, पुलिस जवान की नजर पड़ने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.


बिहार के अलग-अलग इलाकों से लगातार चोरी, छिनतई और आपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं. ऐसे में थाना परिसर में ही जब्त वाहन को निशाना बनाने की कोशिश निश्चित तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा करती है. सवाल यह भी है कि अगर पुलिस की निगरानी वाले परिसर में ही इस तरह की घटना की कोशिश हो सकती है, तो आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर पुलिस की निगरानी व्यवस्था कितनी मजबूत है.


फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस घटना के पीछे सिर्फ दोनों आरोपी थे या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह भी काम कर रहा था.