MOTIHARI: दिवाली खुशियों और रोशनी का त्योहार है और इन खुशियों पर हर किसी का बराबर हक है। इसी संदेश के साथ पूर्वी चंपारण में जिला प्रशासन की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात अधिकारियों की टीम के साथ एक महादलित बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों और परिवारों के बीच मिठाई, चॉकलेट, पटाखे और दीयों का वितरण किया। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
दीपावली के मौके पर पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने समाज के वंचित वर्ग के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात शहर की एक महादलित बस्ती पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बच्चों और परिवारों के बीच मिठाई, चॉकलेट, पटाखे और दीये बांटे।
अचानक जिले के बड़े अधिकारियों को अपने बीच देखकर बस्ती के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और परिवारों में त्योहार की खुशी साफ नजर आई। इस कार्यक्रम में नगर आयुक्त आशीष कुमार, सदर एसडीओ अरुण कुमार समेत जिला प्रशासन के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस मौके पर डीएम सौरभ सुमन यादव ने कहा कि दीपावली खुशियों और प्रकाश का त्योहार है। इसे समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर मनाना चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
वहीं, एसपी स्वर्ण प्रभात ने भी जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से त्योहार के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, पटाखे जलाते समय बच्चों की निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को देने की अपील की।
जिला प्रशासन की इस पहल से महादलित बस्ती के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों की इस संवेदनशील पहल की बस्ती के लोगों ने सराहना की। यह आयोजन संदेश दे गया कि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब समाज का हर व्यक्ति इसमें शामिल हो।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट