MOTIHARI: लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर रविवार की शाम मोतिहारी के भवानीपुर जिरात में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ व्रतियों ने छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार कोसी भरने की रस्म निभाई। 


इस अवसर पर परिवार के बीच खास उत्साह देखने को मिला। खास बात यह रही कि परिवार के कई सदस्य चीन और देश के अलग-अलग राज्यों से छठ मनाने अपने घर पहुंचे थे। रविशंकर वर्मा के परिवार के सदस्य चीन में नौकरी करते हैं, जबकि कुछ सदस्य जयपुर सहित अन्य राज्यों में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। विदेश और दूसरे राज्यों में रहने के बावजूद छठ महापर्व पर सभी ने घर पहुंचकर परिवार के साथ पर्व मनाया। 


रविवार की शाम परिवार के सदस्यों ने एक साथ पूजा की। इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। चीन में इंजीनियर के पद पर कार्यरत नीलकमल अपनी पत्नी रोशना श्रीवास्तव के साथ विशेष रूप से छठ मनाने घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि छठ केवल एक पूजा नहीं, बल्कि भावनाओं और परिवार से जुड़ाव का पर्व है। 


विदेश में रहते हुए छठ के गीतों और यहां की परंपराओं की काफी याद आती है। इसी कारण इस बार विशेष रूप से छुट्टी लेकर घर आए हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि छठ ऐसा महापर्व है, जो विदेशों और दूसरे राज्यों में रहने वाले लोगों को भी अपनी मिट्टी और परिवार की याद दिलाता है। 


इसी आस्था और परंपरा के कारण सभी सदस्य एक साथ जुटे और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठी मैया की कोसी पूजा में शामिल हुए। पूजा में नीलम सिन्हा, निशा वर्मा, पिंकी कुमारी, प्रगति वर्मा और रोशना श्रीवास्तव सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

सोहराब आलम की रिपोर्ट