PATNA: बिहार विधान परिषद में नवनिर्वाचित 8 विधान पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू कर दी। समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लिए शुरुआत में कुर्सी की व्यवस्था नहीं थी। यह देखते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहल की और अधिकारियों से तेजस्वी यादव के लिए कुर्सी लगवाने को कहा।
तेजस्वी के लिए जब बैठने की व्यवस्था नहीं दिखी तो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद हस्तक्षेप किया और मंत्री रामकृपाल यादव को उनकी कुर्सी से उठाकर तेजस्वी यादव को बैठाने की व्यवस्था कराई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान परिषद के सभापति और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान सभी आठ नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।
वहीं, शपथ ग्रहण समारोह के बाद तेजस्वी यादव ने दो निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इन दोनों सदस्यों की सदस्यता को लेकर उनकी पार्टी की आपत्ति पहले भी थी और आज भी कायम है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी के नेता और वकील इस मामले में बातचीत कर रहे हैं। जल्द ही वे एक बार फिर वकीलों के साथ विधान परिषद के सभापति के सामने अपनी शिकायत रखेंगे। इसके बाद पटना हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता रद्द कराने के लिए कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। तेजस्वी ने दावा किया कि कानून और नियमों के आधार पर दोनों की सदस्यता रद्द होनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने शपथ लेने वाले सभी नए विधान पार्षदों को शुभकामनाएं भी दीं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि दो निर्दलीय सदस्यों को लेकर उनकी पार्टी की आपत्ति बरकरार है और इस मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।