Bihar Crime News: मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र में डाक बम की सेवा देखने गए एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना पुराना रहमानिया अस्पताल के आसपास की है. मृतक की पहचान बड़ा बरियारपुर वार्ड नंबर 45 निवासी विजय साहनी के पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, राजन कुमार करीब 10 दिन पहले परीक्षा देने के लिए दिल्ली से मोतिहारी आया था. उसके पिता विजय साहनी अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं. बताया जा रहा है कि राजन डाक बम की सेवा देखने के लिए पुराना रहमानिया अस्पताल के पास गया था.
इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे कथित तौर पर खींच लिया और उसके सीने पर चाकू से वार कर दिया. चाकू लगने से राजन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर गया. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. जब तक लोग कुछ समझ पाते, राजन की मौत हो चुकी थी.
घटना की जानकारी मिलते ही छतौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुराना रहमानिया के पास राजन नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या की गई है. पुलिस ने घटना में शामिल एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस घटना के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है.
मृतक के चाचा कैलाश चौधरी ने बताया कि राजन डाक बम की सेवा देखने के लिए गया था. इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके सीने में चाकू से कई वार कर दिए. चाकू लगने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किस वजह से की गई और वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे.