Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी में महज 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया. शनिवार को हुई जमकर मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक किसान की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए. घटना तुरकौलिया थाना क्षेत्र के कवलपुर स्थित कांही टोला की है. पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.


मृतक की पहचान किशनाथ सहनी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी ने करीब डेढ़ से दो साल पहले समद सहनी की पत्नी को 15 हजार रुपये उधार दिए थे. इसी रकम के लेनदेन को लेकर शनिवार को गांव में दोनों पक्षों के बीच पंचायती बुलाई गई थी. पंचायती में ब्याज समेत 25 हजार रुपये देने पर सहमति बनी. इसके बाद समद सहनी की पत्नी ने किशनाथ सहनी की पत्नी को 25 हजार रुपये दे दिए और दोनों पक्षों के बीच विवाद खत्म हो गया.


पंचायती के कुछ घंटे बाद फिर शुरू हुआ विवाद

बताया जाता है कि पंचायती खत्म होने के करीब तीन से चार घंटे बाद दोनों महिलाओं के बीच पुराने विवाद को लेकर फिर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी. शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि इसी दौरान किशनाथ सहनी की पत्नी के साथ लोहे की रॉड और लाठी-डंडे से मारपीट की गई.


विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर किशनाथ सहनी अपने बेटों और पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान किशनाथ सहनी, उनके पुत्र अभिनंदन कुमार, रंजेश कुमार, रामजय कुमार, संदेश कुमार और पड़ोसी करण कुमार समेत कई लोग घायल हो गए.


मारपीट के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए तुरकौलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया. किशनाथ सहनी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.


किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. रात करीब 12 बजे शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.


रविवार सुबह आक्रोशित परिजनों ने शव को मोतिहारी-अरेराज मुख्य सड़क पर कवलपुर के पास रखकर कुछ देर तक सड़क जाम कर दिया. इसके बाद शव को मोहन सहनी के दरवाजे पर रखकर वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे.


सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप कुमार, सीओ प्रभात कुमार और तुरकौलिया थानाध्यक्ष रणजीत कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया. परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. इस पर डीएसपी ने उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया.


पांच लोग हिरासत में

पुलिस के अनुसार, मामले में कृष्णा सहनी, रवि कुमार, सबद सहनी, मनोज सहनी और मोहन सहनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.


ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक, 15 हजार रुपये का कर्ज ब्याज समेत बढ़कर 28 हजार रुपये हो गया था. हालांकि, पंचायती में 25 हजार रुपये पर समझौता हुआ और रकम का भुगतान भी कर दिया गया था. इसके बावजूद करीब तीन हजार रुपये को लेकर दोनों महिलाओं के बीच दोबारा विवाद होने की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.