Bihar News : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में छठ महापर्व के उल्लास के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। संध्या अर्घ्य देकर छठ घाट से घर लौट रहे लोगों को एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने अपनी चपेट में ले लिया। तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर मौजूद आठ लोगों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई।


यह दर्दनाक घटना रविवार देर शाम मझौलिया थाना क्षेत्र में एनएच-727 पर लालसरैया ठरेसरी चौक के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, छठ महापर्व के तीसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। स्कॉर्पियो से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन तब तक कई लोग इसकी चपेट में आ चुके थे।


हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में नगर थाना क्षेत्र के द्वारदेवी चौक निवासी 26 वर्षीय खालिद और लिबर्टी सिनेमा चौक निवासी 26 वर्षीय ओसामा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक पर सवार थे। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई। एक तरफ छठ पर्व की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी तरफ दो परिवारों में अचानक मातम पसर गया।


इस दुर्घटना में लालसरैया निवासी अशोक चौधरी का पूरा परिवार भी इसकी चपेट में आ गया। अशोक चौधरी, उनकी पत्नी ललिता देवी, बेटी आराध्या कुमारी और बेटा अन्मय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया। परिवार के सभी सदस्य संध्या अर्घ्य देने के बाद छठ घाट से घर लौट रहे थे। एक साथ परिवार के चार लोगों के घायल होने की खबर से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। वहीं, हादसे के समय सड़क किनारे बैठे लालसरैया निवासी विकासचंद शील भी घायल हो गए। उनका इलाज बेतिया के जीएमसीएच अस्पताल में चल रहा है।


हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों लोगों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो चालक समेत दो अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


मामले में एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है और हिरासत में लिए गए दो लोगों से पूछताछ की जा रही है।


छठ जैसे बड़े लोक आस्था के पर्व के दौरान हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस समय श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देकर घर लौट रहे थे, उसी समय तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही  है।