PURNEA: सटीक गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के दम पर विद्या विहार आवासीय विद्यालय ने लगातार तीसरी बार रमेश चन्द्र मिश्र मेमोरियल विद्यालय स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। सोमवार, 23 नवंबर को परोरा स्थित रमेश विजयलक्ष्मी मेमोरियल स्टेडियम में खेले गए अंडर-19 टेनिस बॉल टी-20 टूर्नामेंट–2026 के तीसरे सत्र के फाइनल में मेजबान टीम ने यूएचएस बनभाग दक्षिण को 40 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 रन पर सिमटने के बावजूद विद्या विहार ने विपक्षी टीम को 60 रन पर रोककर खिताबी जीत दर्ज की।


फाइनल में तीन ओवर में केवल सात रन देकर दो विकेट लेने वाले आशुतोष यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान अनुकूल चन्द्र को प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। उन्होंने लगातार तीसरी बार यह सम्मान प्राप्त किया।


यूएचएस बनभाग दक्षिण ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण चुना। उसके गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विद्या विहार की पारी को 19.2 ओवर में 100 रन पर समेट दिया। अनुकूल चन्द्र ने 11 गेंदों में दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक 14 रन बनाए, जबकि अमन ने 13 रन का योगदान दिया। बनभाग की ओर से मानस, अजीत और मोहम्मद शकलेन ने दो-दो विकेट लिए। हामिद ने चार ओवर में केवल 10 रन देकर एक विकेट हासिल किया।


101 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनभाग की टीम शुरुआत से दबाव में रही। विद्या विहार ने छह ओवर पूरे होने से पहले 16 रन पर उसके पांच विकेट गिरा दिए और पूरी टीम को 14.1 ओवर में 60 रन पर समेट दिया। आशुतोष यादव के अलावा शाहिल रंजन ने 12 रन देकर दो, अलबाब ने 14 रन देकर दो और अमन ने 16 रन देकर दो विकेट लिए। अंकुश कुमार ने शुरुआती बल्लेबाज अरशद को रन आउट किया, जबकि राजवीर ने अपनी पहली ही गेंद पर अंतिम विकेट लेकर मुकाबला समाप्त किया। बनभाग के चांद ने सर्वाधिक 16 और हामिद ने 10 रन बनाए।


विद्या विहार ने प्रतियोगिता में अपने सभी मुकाबले जीते। टीम ने शुरुआती दौर में एक्सीलेंट कॉन्वेंट स्कूल को 132 रन, क्वार्टर-फाइनल में जेएनवी पूर्णिया को 32 रन और सेमीफाइनल में जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल को 85 रन से हराया था। उपविजेता बनभाग दक्षिण ने क्वार्टर-फाइनल में हेनरी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल को 90 रन तथा सेमीफाइनल में सुमरित हाई स्कूल, बनमनखी को 29 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों फाइनलिस्टों के अतिरिक्त जेएनवी कटिहार, जेएनवी पूर्णिया, जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, सुमरित हाई स्कूल बनमनखी, मां काली उच्च माध्यमिक विद्यालय और हेनरी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल ने क्वार्टर-फाइनल तक का सफर तय किया।


संस्थापक स्वर्गीय श्री रमेश चन्द्र मिश्र जी की 75वीं जयंती पर आयोजित खिताबी मुकाबले के बाद बियाडा के महाप्रबंधक श्री अमित झा और ब्रजेश ऑटोमोबाइल्स के प्रबंध निदेशक श्री ब्रजेश चन्द्र मिश्र ने पुरस्कार वितरण किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत करने के साथ सभी खिलाड़ियों को मेडल तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सहभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।


विद्या विहार की सफलता में कोच श्री भास्कर दुबे और टीम मैनेजर श्री शादाब अकरम का योगदान रहा। फाइनल में प्रिंस पटेल ने स्कोरिंग और अजीत कुमार ने कमेंट्री की जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता का उद्घाटन 24 अक्टूबर को बिहार सरकार की मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने किया था।