Purnea News: पूर्णिया के विद्या विहार आवासीय विद्यालय, परोरा स्थित रमेश विजयलक्ष्मी मेमोरियल स्टेडियम में शनिवार को रमेश चन्द्र मिश्र मेमोरियल स्कूल टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 के तीसरे सत्र का शुभारंभ हुआ। बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन मुकाबले में जेएनवी कटिहार ने एस.आर. डीएवी पब्लिक स्कूल, पूर्णिया को सात विकेट से हराया।
समारोह में मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों के साथ स्वर्गीय श्री रमेश चन्द्र मिश्र जी को पुष्पांजलि अर्पित की। श्री सी.के. झा ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि का दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय कराया गया।
अपने संबोधन में मंत्री लेशी सिंह ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए ऐसे आयोजनों की सराहना की।
विद्या विहार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के ग्रुप लीडर एवं विद्या विहार आवासीय विद्यालय के सचिव-सह-प्रबंधक राजेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का अभिन्न हिस्सा हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है।
उद्घाटन मैच में टॉस जीतकर जेएनवी कटिहार ने पहले गेंदबाजी चुनी और डीएवी पूर्णिया को 7.2 ओवर में 44 रन पर समेट दिया। रोहित खाखा ने आठ रन देकर तीन तथा आदित्य राठौर ने 14 रन देकर तीन विकेट लिए। श्रीशांत और विवेक कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए। डीएवी की ओर से जीत ने 11 गेंदों में सर्वाधिक 17 रन बनाए, जबकि पुष्पराज ने सात गेंदों में 10 रन का योगदान दिया।
जवाब में जेएनवी कटिहार ने पाँच ओवर में तीन विकेट पर 47 रन बनाकर जीत दर्ज की। अहेट्राम ने 12 गेंदों में नाबाद 16 और आदित्य ने सात गेंदों में नाबाद 11 रन बनाए। डीएवी के अंकित ने दो और गुलशन कुमार ने एक विकेट लिया। आदित्य राठौर को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 14 रन देकर तीन विकेट लिए और बल्लेबाजी में छह रन बनाए।
समारोह में सुप्रिया मिश्र के नेतृत्व में सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। ट्रस्टी पल्लवी मिश्र ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। राजेश चन्द्र मिश्र ने अन्य अतिथियों का सम्मान किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। मैच में मोनू कुमार एवं शायोन कुमार ने अंपायर, अजीत कुमार ने कमेंटेटर और प्रिंस पटेल ने स्कोरर की भूमिका निभाई। मुकाबले का लाइव प्रसारण भी किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य निखिल रंजन, डी.एन. चौधरी, गुरुचरण सिंह, गोपाल झा, प्रीति पांडेय, मनीष कुमार एवं आशीष झा सहित शिक्षक, कर्मचारी, खिलाड़ी और दर्शक उपस्थित रहे। आयोजन समिति, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम के संचालन में सहयोग किया।