PURNEA: पूर्णिया पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. जिले के मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवशक्ति नगर वार्ड संख्या 24 में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 856.06 ग्राम स्मैक और 5 लाख 5 हजार 90 रुपये नकद बरामद किए हैं. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका बेटा पुलिस को चकमा देकर अपनी मां को वहीं छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा.


मामले का खुलासा करते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने बताया कि बरामद की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है. इसके साथ ही जब्त किए गए 5 लाख से अधिक रुपये स्मैक की खरीद-बिक्री से जुटाए गए थे. पुलिस जांच में सामने आया है कि शिवशक्ति नगर में नशे का यह अवैध नेटवर्क मां और बेटे मिलकर संचालित कर रहे थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से महिला तस्कर किरण देवी को दबोच लिया, जबकि उसका बेटा आनंद चौधरी पुलिस की भनक लगते ही मौके से भाग निकला. पुलिस ने ठिकाने से तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है, जिनका उपयोग इस पूरे गिरोह के संचालन के लिए किया जाता था.


एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में की छापेमारी

सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवशक्ति नगर इलाके में बड़े पैमाने पर स्मैक की खेप मंगवाकर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. इसके बाद दंडाधिकारी की निगरानी में मरंगा थाना पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त रूप से चिह्नित ठिकाने पर दबिश दी और महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.


फरार आरोपी और नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी

एसडीपीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. फरार आरोपी आनंद चौधरी और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. इस सफल अभियान में एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, पुअनि अनंत कुमार, निभा कुमारी, शैलेश कुमार सिंह, संजीत कुमार और डीआईयू की टीम शामिल रही