Bihar Crime News: पूर्णिया में ग्रुप लोन दिलाने के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से कथित ठगी के मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले को लेकर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है. बताया जा रहा है कि करीब 300 महिलाओं से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी किए जाने का आरोप है.
जानकारी के अनुसार, महिलाओं को डेढ़ लाख रुपये तक का ग्रुप लोन दिलाने का झांसा दिया गया था. इसके लिए उनसे 5-5 हजार रुपये जमा कराए गए और बैंक खाते, आधार कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज भी लिए गए. महिलाओं को भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही उनके खातों में लोन की राशि भेज दी जाएगी.
लेकिन कुछ दिनों बाद जब महिलाएं गुलाबबाग जीरोमाइल स्थित कार्यालय पहुंचीं तो वहां ताला लटका मिला. कार्यालय बंद देखकर महिलाओं के बीच हड़कंप मच गया. पीड़ितों का आरोप है कि संस्था के संचालक और एजेंट रुपये लेकर फरार हो गए हैं.
मामला सामने आने के बाद महिलाओं ने कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की. पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने लोन मिलने की उम्मीद में अपनी जमा पूंजी संस्था को सौंप दी थी, लेकिन अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
इसी मामले में जानकीनगर निवासी कल्याणी कुमारी ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि 3 जून को माइक्रोफाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें लोन दिलाने का भरोसा दिया था. बैंक खाता खोलने और ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया के नाम पर उनसे नकद राशि ली गई. बाद में एक लाख रुपये लोन मिलने का आश्वासन दिया गया, लेकिन न तो खाता खुला और न ही कोई राशि मिली.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने माइक्रोफाइनेंस कंपनी, उसके कथित संचालक और एक एजेंट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2) और 336(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. कंपनी से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी भी की जा रही है. वहीं मकान मालिक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.
प्रारंभिक जांच में ठगी की रकम डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उधर पीड़ित महिलाएं अपनी जमा राशि वापस दिलाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं.