PURNEA: पूर्णिया जिले के केनगर और मधुबनी थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित भूटाहा मोड़ के पास खुद को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) बताकर ट्रैक्टर चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली करने वाले एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी की पहचान सोनू कुमार, पिता- सीताराम प्रसाद के रूप में हुई है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, सोनू कुमार पिछले कई दिनों से कभी खुद को डीटीओ तो कभी डीटीओ कार्यालय का स्टाफ बताकर ट्रैक्टर और अन्य वाहन चालकों से कथित रूप से पैसे वसूल रहा था। गुरुवार को भी वह इसी तरह वाहन चालकों से रुपये की मांग कर रहा था।


इस दौरान करीब दो दर्जन ट्रैक्टर चालकों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाया जाता है। आरोपी इसी का फायदा उठाकर खुद को डीटीओ या परिवहन विभाग का कर्मचारी बताता था, वाहन चालकों को कार्रवाई का डर दिखाता था और उनसे कथित रूप से अवैध वसूली करता था।


फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अवैध वसूली के इस कथित नेटवर्क में वह अकेला शामिल था या उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए थे।