PURNEA: बिहार के पूर्णिया जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां टीकापट्टी थाना क्षेत्र के नया नंदगोला गांव में बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 69 वर्षीय सास की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, सास ने दोनों को कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस राज के खुलने के डर से दोनों ने बुजुर्ग महिला के सिर पर मुंगरा से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पड़ोसी को फंसाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा हो गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना 25 नवंबर की देर रात करीब 3 बजे की है। मृतका की पहचान 69 वर्षीय रमला देवी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि उनकी बहू गुड्डी कुमारी का गांव के ही रहने वाले ऋषि कुमार के साथ पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना वाली रात गुड्डी अपने प्रेमी के साथ कमरे में थी। इसी दौरान सास रमला देवी ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
बताया जा रहा है कि इस बात को छिपाने के लिए गुड्डी और ऋषि ने मिलकर घर में रखे बांस की जड़ से बने हथौड़ीनुमा मुंगरा से रमला देवी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पहले पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। मृतका के बेटे अबोध पासवान ने थाने में आवेदन देकर पड़ोसी नीतीश कुमार और उसकी मां पर हत्या का आरोप लगाया था। बताया गया कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने पड़ोसी को गिरफ्तार भी कर लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया के एसएसपी शौर्य सुमन ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। टीम में धमदाहा एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान, पूर्णिया मुख्यालय डीएसपी सौरभ जायसवाल, रूपौली अंचल निरीक्षक कुंदन कुमार और टीकापट्टी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को शामिल किया गया।
SIT की जांच में खुला हत्या का राज
एसआईटी ने वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मृतका की बहू गुड्डी कुमारी और गांव के ही ऋषि कुमार के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया बांस की जड़ से बना मुंगरा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस तरह जिस हत्या के मामले में शुरुआत में पड़ोसी परिवार पर शक जताया जा रहा था, उसकी गुत्थी एसआईटी की जांच में सुलझ गई। पुलिस के अनुसार, सास द्वारा बहू को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लेना ही इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनी।