Bihar News : बिहार के पूर्णिया जिले में एक बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया. आरोप है कि बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए पड़ोसी पर ही हत्या का आरोप लगा दिया. पुलिस जांच में जब मामले की परतें खुलीं तो हत्या के पीछे बहू का प्रेम प्रसंग सामने आया. पुलिस ने आरोपी बहू और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला टीकापट्टी थाना क्षेत्र के नया नंदगोला गांव का है. यहां 25 नवंबर की देर रात करीब 3 बजे 69 वर्षीय रमला देवी की हत्या कर दी गई थी. शुरुआत में मृतका के बेटे अबोध पासवान ने पड़ोसी नीतीश कुमार और उसकी मां पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने इस मामले में पड़ोसी को गिरफ्तार भी कर लिया था. हालांकि, जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को मामले में कुछ अलग ही कहानी सामने आई.
दो साल से चल रहा था बहू का प्रेम प्रसंग
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका की बहू गुड्डी कुमारी का गांव के ही रहने वाले ऋषि कुमार के साथ पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. घटना वाली रात दोनों एक ही कमरे में मौजूद थे. इसी दौरान सास रमला देवी ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. आरोप है कि इस बात का खुलासा होने के डर से बहू और उसके प्रेमी ने मिलकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी.
हत्या के बाद पड़ोसी पर लगा दिया आरोप
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों ने घर में रखे बांस की जड़ से बने हथौड़ीनुमा मुंगरा से रमला देवी के सिर पर वार किया था. इससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद हत्या का आरोप पड़ोसी नीतीश कुमार और उसके परिवार पर लगा दिया गया. बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को आधार बनाकर पड़ोसी को हत्या के मामले में फंसाने की कोशिश की गई.
एसआईटी की जांच में खुला पूरा मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया एसएसपी शौर्य सुमन ने एसआईटी का गठन किया था. टीम में धमदाहा एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान, मुख्यालय डीएसपी सौरभ जायसवाल, रूपौली अंचल निरीक्षक कुंदन कुमार और टीकापट्टी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार शामिल थे.
एसआईटी ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की. जांच के दौरान बहू गुड्डी कुमारी और ऋषि कुमार की भूमिका संदिग्ध मिली. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया मुंगरा भी बरामद कर लिया गया है.
पुलिस ने आरोपी बहू गुड्डी कुमारी और उसके प्रेमी ऋषि कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं, मामले में पहले गिरफ्तार किए गए पड़ोसी की भूमिका की भी जांच की गई. इस खुलासे के बाद गांव में घटना को लेकर चर्चा तेज है.