PURNEA: पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र से मारपीट और कथित लूटपाट का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने भाजपा विधायक कृष्ण कुमार ऋषि के भांजा समेत अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।


पीड़ितों के अनुसार, घटना 1 जून की रात करीब 9 बजे बनमनखी थाना क्षेत्र के महाराजगंज साह टोली में हुई। आरोप है कि 15 से 20 लोगों का एक समूह लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचा और जबरन घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान घर में तोड़फोड़ और लूटपाट का भी आरोप लगाया गया है।


घटना में सात लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। पीड़ितों का आरोप है कि नरेश, छोटू, तपेश, सुशील, जितेंद्र, प्रमोद और गुलशन ऋषि समेत अन्य लोगों ने मिलकर हमला किया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से पिटाई की और गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब भूटन साह और गोविंद साह बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए।


पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि विधायक कृष्ण कुमार ऋषि का भांजा अक्सर विधायक मामा के प्रभाव का धौंस दिखाता है। उनका कहना है कि घर के सामने तेज आवाज में भोजपुरी के अश्लील गाने बजाए जाते हैं और विरोध करने पर मारपीट की जाती है। इसी विवाद के बाद यह घटना हुई।


पीड़ित परिवार ने एसपी को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में अभी तक आरोपी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


पीड़ितों ने बताया कि विधायक जी का भांजा घर के सामने तेज आवाज में अश्लील गाना बजा रहा था, जब हम लोगों ने गंदा गाना बजाने से मना किया तो वह बात उसे नागवार गुजरा। उसने अपने गुर्गों के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दे दिया। घटना एक जून की रात नौ बजे की है। बनमनखी थाने के महाराजगंज साह टोली में घर में घुसकर 15 से 20 की संख्या में बदमाश पहुंचे और घर में घुसकर लूटपाट करते हुए लोगों को मारपीट कर सात लोगों को घायल कर दिया। 


उन्होंने बताया कि नरेश, छोटू तपेश सुशील, जितेंद्र प्रमोद और गुलशन ऋषि 15 से 20 लोगों के साथ मिलकर लाठी डंडा लेकर पहुंचा था और लूटपाट करते हुए लाठी डंडे से पीटा गला दबाकर जान मारने की कोशिश की थी। इस दौरान बीच बचाव करने आएभूटन साह और गोविंद साह को भी मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित एसपी से जान की गुहार लगा रहे हैं। पीड़ित ने विधायक कृष्ण कुमार ऋषि के भगिना पर मामा के पद का धौंस दिखाते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया। पीड़ितों ने कहा कि विधायक का भगिना घर के सामने मां बेटी के पास भोजपुरी का अश्लील गाना बजाता है जो भी मना करता है उसके साथ मारपीट की जाती है। हमलोगों को इंसाफ चाहिए।


भाजपा विधायक कृष्ण कुमार ऋषि का नाम अप्रैल 2025 में तब सुर्खियों में आया था, जब पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के साथ उनकी अनबन हो गई थी। बनमनखी थाना क्षेत्र के हरमुढ़ी में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान विवाद शुरू हुआ था। सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया था कि प्रशासन ने विधायक कृष्ण कुमार ऋषि के इशारे पर महादलितों के घर तोड़कर आग लगा दी है। जिसके बाद बीजेपी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और उनके समर्थकों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर थाने में केस दर्ज कराया था। कृष्ण कुमार ऋषि बिहार की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं।2015 में उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव बीजेपी के टिकट पर बनमनखी से लड़ा था और विधायक चुने गये थे। जिसके दो साल बाद वो नीतीश कुमार की सरकार में 2017 में पर्यटन मंत्री बनाये गये थे।