Shivam Medical College: पूर्णिया जिले के सीमांचल क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी शुरुआत हुई है. केनगर प्रखंड के बनियापट्टी में शिवम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. लोगों ने उम्मीद जताई कि मेडिकल कॉलेज बनने के बाद सीमांचल के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
भूमि पूजन का कार्यक्रम देवघर से आए विद्वान पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान से कराया. शंखनाद और महाआरती के साथ कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. समारोह की शुरुआत दीप जलाकर की गई. इसके बाद शिवम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन पंकज कुमार निराला और निदेशक नूतन गुप्ता ने सभी अतिथियों का मखाना की माला, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान शिवम हायर एजुकेशन फाउंडेशन नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं का लैंप लाइटिंग समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें सेवा और समर्पण की शपथ दिलाई गई.
इस कार्यक्रम में अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह, अमनौर के विधायक कृष्ण कुमार मंटू, पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, बरारी की चेयरमैन बबिता यादव, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष संगीता वर्मन समेत कई जनप्रतिनिधि और समाज के प्रमुख लोग शामिल हुए.
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि शिवम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल सीमांचल के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा. इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और क्षेत्र के युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी. उन्होंने संस्थान के प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कॉलेज आने वाले समय में इलाज और शिक्षा का भरोसेमंद केंद्र बनेगा.
वहीं विधायक कृष्ण कुमार मंटू ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने के बाद सीमांचल के मरीजों को इलाज के लिए पटना, सिलीगुड़ी या दिल्ली जाने की मजबूरी काफी हद तक खत्म होगी. महापौर विभा कुमारी ने कहा कि इस अस्पताल से पूर्णिया के साथ-साथ कटिहार, अररिया और किशनगंज के लाखों लोगों को आधुनिक इलाज की सुविधा मिलेगी. साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने कहा कि यह संस्थान इलाज और मेडिकल शिक्षा के साथ-साथ पूरे इलाके के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा.
कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन पंकज कुमार निराला और निदेशक नूतन गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज बनाना नहीं, बल्कि सीमांचल को स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा का मजबूत केंद्र बनाना है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यहां गरीब मरीजों को भी बेहतर इलाज मिलेगा और क्षेत्र के छात्रों को डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा.