Pakistani Handler Arrested: बिहार के पूर्णिया में केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय शाहिद अख्तर को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने और इस्लामिक कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है. आईबी ने स्थानीय पुलिस की मदद से मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया.


गिरफ्तार युवक की पहचान काली प्रसाद यादव टोला निवासी शमीम अख्तर के पुत्र शाहिद अख्तर के रूप में हुई है. पुलिस और खुफिया सूत्रों के अनुसार, शाहिद वर्ष 2025 से ही एक कथित कट्टरपंथी ग्रुप के संपर्क में था. जांच में उसके नेटवर्क के पाकिस्तान के अलावा हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों में मौजूद संदिग्ध लोगों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है.


व्हाट्सएप के जरिए साझा करता था संवेदनशील जानकारी

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म खासकर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां देश-विदेश में बैठे संदिग्ध लोगों और हैंडलर्स के साथ साझा कर रहा था. इसी गतिविधि को लेकर वह केंद्रीय खुफिया एजेंसी के रडार पर आया था.


खुफिया इनपुट और डिजिटल सबूत मिलने के बाद आईबी की टीम ने पूर्णिया पहुंचकर मधुबनी थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की. इसके बाद काली प्रसाद यादव टोला स्थित उसके घर पर छापेमारी कर शाहिद अख्तर को हिरासत में ले लिया गया.


गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय जांच एजेंसियों और एसटीएफ की टीम आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है. पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की और पूरे मामले की जानकारी ली.


जांच एजेंसियों ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए हैं. इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए पाकिस्तान सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद संदिग्ध संपर्कों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.


पिछले 24 घंटे से अधिक समय से आरोपी से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है. अब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है.