PURNEA:  नगर विकास एवं आवास विभाग के तत्वावधान में शनिवार को नगर निगम संवाद कक्ष में महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में नगर निगम क्षेत्र के तीन वार्डों के कुल 180 लाभुकों के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यादेश का वितरण किया गया। 


इस संबंध में महापौर विभा कुमारी ने बताया कि पैक्स चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 42, 45 एवं 46 के लाभुकों के बीच कार्यादेश का वितरण नहीं किया जा सका था। पैक्स चुनाव के बाद बचे हुए तीन वार्ड के 180 लाभुकों के बीच कार्यादेश का वितरण किया गया। 


वार्ड नंबर 42 के 39 लाभुक, वार्ड नंबर 45 के 105 लाभुक जबकि वार्ड नंबर 46 के 36 लाभुकों के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यादेश का वितरण किया गया। महापौर ने कहा कि यह वर्क आर्डर (एचएफए) फेज 1, 2 और 3 से जुड़ा हुआ है। शीघ्र ही एचएफए-2.0 की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में कुल दो लाख रुपए मिलते हैं। 


पहली किस्त 50 हजार, दूसरी किस्त एक लाख और तीसरी किश्त 50 हजार रुपए का होता है। दूसरा और तीसरा किस्त आपको तब मिलेगा जब पहले किस्त की राशि से आप ईमानदारी पूर्वक घर बनाना आरंभ करेंगे। अगर आप रुपए लेकर घर का निर्माण नहीं करेंगे तो आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लाभुकों को फिर से कहा कि आवास योजना में किसी भी प्रकार का शुल्क लाभुक से नहीं लिया जाता है। अगर कोई आवास योजना दिलाने के नाम पर आपसे पैसा मांगता है तो इसकी सूचना मुझे दें।