PURNEA: बिहार के पूर्णिया जिले में फर्स्ट बिहार-झारखंड के सीमांचल कॉन्क्लेव में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पेपर लीक को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में वो पेपर लीक नहीं होने देंगे। 


फर्स्ट बिहार-झारखंड के चैनल हेड कुमार प्रबोध के सवालों का जवाब देते हुए मिथिलेश तिवारी ने कहा कि इस बार की नीट की परीक्षा को सरकार ने गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परीक्षा में सुधार के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। हर हाल में किसी भी परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक ना हो इस पर सरकार हर संभव प्रयास करेगी।


मिथिलेश तिवारी ने सीमांचल कॉन्क्लेव के मंच से यह ऐलान किया कि बिहार के तमाम स्कूलों में कंप्यूटर एजुकेशन को हम अनिवार्य करने जा रहे है। जिस प्रकार से मदरसा के बारे में सरकार गंभीर रही है, उसी प्रकार संस्कृत पर भी सरकार अब गंभीर होगी। पिछले दिनों संस्कृत पर से ध्यान हट गया था। बिहार के 11 राजकीय विद्यालय संस्कृत के थे वो बंद हो गये। अब उसकी स्थापना फिर से की जाएगी। 


उन्होंने ऐलान किया कि गुरुकुलम विद्यापीठ बिहार में हम खोलेंगे। इसकी शुरुआत बक्सर से शुरू की है। हर प्रमंडल में गुरुकुलम विद्यापीठ होगा। छात्र अपने को शिष्ट और शिक्षक अपने को गुरु समझने लगेंगे उसी दिन बिहार बहुत आगे बढ़ जाएगा। हमारी सरकार का एजेंडा है कि गलत काम नहीं होने देंगे और अच्छे काम को बढ़ाएंगे। 


उन्होंने कहा कि एक मां के दो बेटे एक का हिमोग्लोबिन 8 और दूसरे का 15 यह कहां का अन्याय है। दोनों बच्चों पर पूरा ध्यान रहेगा दोनों का हिमोग्लोबिन एक होना चाहिए इसके लिए अभी हम काम कर रहे हैं। 5 सितंबर को मदरसा के शिक्षकों का ऑन लाइन पेमेंट उनके खाते में करेंगे और संस्कृत के शिक्षकों को भी पेमेंट करेंगे। विद्या के लिए काम करने वाले मदरसा आगे बढ़ेगे और विद्या छोड़कर दूसरा काम करने वाले मदरसों पर सरकार की सख्त कार्रवाई होगी। व्यवहार परिवर्तन कराना हमारा परम कर्तव्य होगा। 


उन्होंने कहा कि एक मां के चार बेटे हैं हिन्दू मुस्लिम सिख इसाई हम सब हैं भाई भाई, सब लोग एक दूसरे के प्रति अच्छा भाव रखे. यही तो है विद्या यही तो है शिक्षा। पेपर लिक पर मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि यह गंभीर विषय है। इस बार की नीट की परीक्षा को सरकार ने गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री ने परीक्षा सुधार के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाई है। हर हाल में किसी भी परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक ना हो इस पर सरकार हर संभव प्रयास करेगी।