PURNEA: खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बिहार में टेबल टेनिस को नई पहचान दिलाने की दिशा में शनिवार को रमेश चंद्र मिश्रा मेमोरियल तृतीय बिहार राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, परोरा परिसर में आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए लगभग 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन पूर्णिया जिला टेबल टेनिस संघ एवं विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में डीएसपी मुख्यालय सौरभ जायसवाल, डीएसपी (स्पेशल क्राइम ब्रांच) शिवानी श्रेष्ठा एवं जिला खेल पदाधिकारी रविशंकर झा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इसके अलावा शबाना आजमी ने भी समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर विद्या विहार समूह के अध्यक्ष एवं समूह प्रमुख इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा, ट्रस्टी पल्लवी मिश्रा एवं कात्यायनी मिश्रा, विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल के प्राचार्य निखिल रंजन उपस्थित रहे।
खेल जगत से पूर्णिया जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष तुहिन घोषाल, संरक्षक डॉ. राजन आनंद, सचिव इंजीनियर अक्षय सिंह, उपाध्यक्ष आलोक, प्रतियोगिता निदेशक स्वरूप कुमार दास, मुख्य निर्णायक अतनु चटर्जी, सहायक मुख्य निर्णायक प्रदीप कुमार मिश्रा एवं कटिहार टेबल टेनिस संघ के सचिव बब्बन झा भी समारोह में शामिल हुए। डीएवी पूर्णिया के प्राचार्य अश्विनी कुमार सिंह की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सी.के. झा ने मंच संचालन करते हुए अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता में बिहार के 12 जिलों पटना, गया जी, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, अररिया, कटिहार, समस्तीपुर, मधेपुरा एवं सहरसा के लगभग 150 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। राज्य स्तरीय रैंकिंग प्रतियोगिता होने के कारण खिलाड़ियों के बीच रोमांचक एवं कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
प्रतियोगिता के निदेशक स्वरूप कुमार दास के नेतृत्व में आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था की जा रही है। मुख्य निर्णायक श्री अतनु चटर्जी एवं उनकी तकनीकी टीम के निर्देशन में मुकाबलों का संचालन खेल नियमों के अनुरूप किया जा रहा है।
विद्या विहार समूह के अध्यक्ष इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता की व्यापक तैयारियां की गई हैं। खिलाड़ियों एवं निर्णायकों के ठहरने, भोजन, परिवहन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के मीडिया एवं कम्युनिकेशन हेड, विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल (VVRS), पूर्णिया आशीष झा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पूर्णिया को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और उनसे सीखने का अवसर प्राप्त होगा।
चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन बिहार में टेबल टेनिस के विकास, खेल संस्कृति को मजबूत करने और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।