PURNEA: बिहार के पूर्णिया में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित स्मैक तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। के. हाट और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना चौक स्थित राधा ब्यूटी पार्लर और MIT के पास छापेमारी की। दोनों जगहों से कुल 251 ग्राम स्मैक और 74 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में राधा देवी और प्रमोद सिंह को गिरफ्तार किया है।


ब्यूटी पार्लर से 49 ग्राम स्मैक और नकदी बरामद

सदर SDPO अभिनव पराशर के मुताबिक, पुलिस टीम ने राधा ब्यूटी पार्लर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 49 ग्राम स्मैक और 33 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर MIT के पास भी छापेमारी की। यहां से पुलिस ने 202 ग्राम स्मैक और 41 हजार रुपये नकद बरामद किए।


तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कथित स्मैक तस्करी नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम बताए हैं। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्मैक की खेप कहां से लाई जाती थी और पूर्णिया शहर के किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी।


नेटवर्क के अन्य लोगों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क का संचालन किस स्तर पर किया जा रहा था।