PATNA: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कॉलोनी और अपार्टमेंट जैसे सामूहिक आवासों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन तेजी से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम लोगों को जल्द से जल्द पीएनजी की सुविधा मिले और अधिक से अधिक घरों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जाए।
सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई। एक अणे मार्ग, लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित इस बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार में पेट्रोल, डीजल, पी०एन०जी० और एल०पी०जी० गैस का कनेक्शन स्टॉक, खपत एवं आपूर्ति की वर्तमान स्थिति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। अभय कुमार सिंह ने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि बिहार में अब तक 01 लाख 12 हजार पाइप्ड नेचुरल गैस (पी०एन०जी०) कनेक्शन फंकशनल है तथा इसके लिए 25,813 लोगों ने आवेदन भी दिया है। पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन लगाने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कॉलोनी, अपार्टमेंट जैसे स्थानों पर बने सामूहिक घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में फोकस करें। इससे अधिक घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस की पहुँच बढ़ेगी जिससे लोगों को काफी सहूलियत होगी। इस काम में और अधिक तेजी लाकर निचले स्तर तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। हमारी प्राथमिकता है कि आमलोगों को अधिक से अधिक सुविधा मिले। इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाएं।
मुख्यमंत्री ने राज्य में पेट्रोल-डीजल एवं एल०पी०जी० की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की और कहा कि राज्य में पेट्रोल-डीजल एवं एल०पी०जी० की अभी पर्याप्त उपलब्धता है इसलिये लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि जरूरत पड़ने पर ही चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल करें। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों के क्रय और उसके इस्तेमाल पर जोर दिया।
इस अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेंदर, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित तेल कंपनियों के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।