Bihar Top 10 News: बिहार में आज राजनीतिक, प्रशासनिक, न्यायिक और मौसम से जुड़ी कई बड़ी खबरें चर्चा में रहीं। बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली। दूसरी ओर, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज रहीं। वहीं BSSC अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर प्रदर्शन किया और मानसून की सक्रियता के बीच कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। पढ़िए बिहार की 10 सबसे बड़ी खबरें एक नजर में।
बंटी यादव हत्या के 7 दिन बाद पुलिस एक्शन
पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने वाले बंटी की हत्या के 7 दिन बाद पुलिस एक्शन में दिखी। “पटना स्टेशन पर किडनैपिंग-मर्डर, फिर भी चल रहा सेक्स रैकेट:रेट लिस्ट लेकर घूम रही लड़कियां…” प्रकाशित होने के महज 8 घंटे बाद सोमवार को शहर के 50 से अधिक स्पा और पार्लरों पर एक साथ छापेमारी की गई। वही लापरवाही के आरोप में 4 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है। चारों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसमें ASI प्रवीण कुमार पंकज, अवधेश कुमार, वीर बहादुर सिंह और एक होम गार्ड सुदर्शन प्रसाद शामिल हैं।
लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव को देवघर चारा घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड सरकार की उस याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया, जिसमें झारखंड हाईकोर्ट द्वारा लालू यादव की सजा निलंबित किए जाने के आदेश को चुनौती दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद फिलहाल लालू यादव को मिली राहत बरकरार रहेगी। जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस पी.बी. वराले की पीठ ने कहा कि हाईकोर्ट का आदेश करीब 7 वर्ष पुराना है, इसलिए इस स्तर पर उसमें हस्तक्षेप का कोई औचित्य नहीं है। साथ ही, कोर्ट ने 2018 से लंबित अपीलों के शीघ्र निपटारे की भी आवश्यकता जताई।
वीणा मानवी का नामांकन रद्द
बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी ने रद्द कर दिया है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, वीणा मानवी ने अपने चुनावी हलफनामे में एक आपराधिक मामले की जानकारी दर्ज नहीं की थी। चुनावी नियमों के तहत प्रत्येक उम्मीदवार के लिए अपने खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक मामलों का पूर्ण विवरण हलफनामे में देना अनिवार्य होता है। निर्वाचन अधिकारी ने नियमों के अनुसार उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया। वहीं, तेज प्रताप यादव ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की बात कही है।
नितिन नवीन का बांकीपुर दौरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंच चुके हैं। यहां उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और अपनी भूमिका पर विस्तार से बात की। नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव रहा है और क्षेत्र की जनता की अपेक्षा थी कि वे चुनाव के दौरान उनके बीच आएं। इसी जिम्मेदारी को निभाने के लिए वह पटना पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, "एक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि के रूप में मेरी जिम्मेदारी है कि मैं जनता के बीच रहूं, उनकी समस्याएं सुनूं और उनके साथ खड़ा रहूं।" साथ ही उन्होंने भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
राजस्व विभाग पर सरकार की सख्ती
पटना जिले में राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में राजस्व सेवाओं की वर्तमान स्थिति संतोषजनक नहीं है और इसमें जल्द सुधार लाना जरूरी है। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामलों के निपटारे में किसी भी तरह का 'पिक एंड चूज' नहीं चलेगा। सभी मामलों का निष्पादन नियमों और मेरिट के आधार पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार के दबाव, पैरवी या बाहरी प्रभाव में आकर कोई गलत निर्णय न लें। साथ ही, मंत्री ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि राजस्व सेवाओं में लापरवाही या अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर जांच तेज
भोजपुर के बिलौटी में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। न्यायिक आयोग के समक्ष तीन गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इनमें भरत भूषण तिवारी की भाभी सुमन देवी, जवइनिया गांव के विस्थापित सत्य नारायण चौधरी और मंटू प्रसाद शामिल हैं। दोनों ग्रामीणों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया जा रहा है। गवाहों ने आयोग के समक्ष आरोप लगाया कि भरत भूषण तिवारी के आत्मसमर्पण करने के बाद पुलिस उन्हें करीब 50 मीटर दूर ले गई और फिर गोली मार दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए अपने आरोप दोहराए। आरा स्थित न्यायिक आयोग कार्यालय में सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा के समक्ष तीनों गवाहों से करीब डेढ़ से दो घंटे तक पूछताछ की गई। आयोग अब सभी पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रहा है।
घूसखोर सीओ प्रभात कुमार गिरफ्तार
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी अंचलाधिकारी (CO ) प्रभात कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के अनुसार, निगरानी ब्यूरो की विशेष टीम ने पूर्व नियोजित कार्रवाई के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम सीओ प्रभात कुमार को अपने साथ ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत किस काम के बदले ली जा रही थी, इस मामले में कितनी राशि का लेन-देन हुआ, और क्या इस पूरे प्रकरण में किसी बिचौलिए या अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है। फिलहाल निगरानी विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है।
बिहार में फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा
बिहार में फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब बिहार में शूटिंग करने आने वाले फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को दूसरे राज्यों से कलाकारों या तकनीकी टीम लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के तहत बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम ने अपनी वेबसाइट film.bihar.gov.in पर एक विशेष प्लेटफॉर्म तैयार किया है। यहां निर्माता-निर्देशक रजिस्टर्ड कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों का सीधे चयन कर सकेंगे।वेबसाइट पर 800 से अधिक कलाकार और 26 वेंडर्स पहले ही अपना पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें एक्टर, फोटोग्राफर, वीडियो एडिटर, स्पॉट बॉय, गायक, कैमरामैन, मेकअप आर्टिस्ट, ड्रेस डिज़ाइनर, टेक्नीशियन, फूड सप्लायर, वाहन प्रदाता और अन्य लॉजिस्टिक सेवाओं से जुड़े लोग शामिल हैं। सबसे खास बात यह है कि इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निशुल्क है। इससे बिहार के स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं फिल्म निर्माताओं का समय और खर्च दोनों कम होंगे। सरकार का उद्देश्य बिहार को एक प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है।
BSSC अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
पटना में बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) कार्यालय के बाहर मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने विभिन्न लंबित भर्ती परीक्षाओं को जल्द आयोजित कराने की मांग को लेकर आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से बिहार इंटरमीडिएट (10+2), BSSC CGL-4, BSO समेत कई भर्तियों के लिए केवल आवेदन लिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक परीक्षाओं का आयोजन नहीं किया गया। उनका कहना है कि इससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। छात्रों ने आरोप लगाया कि आयोग उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपील की कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और लंबित भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया जल्द शुरू कराकर अभ्यर्थियों को राहत दिलाएं।
बिहार में बारिश और बाढ़ का खतरा
बिहार में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 10 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। मंगलवार सुबह खगड़िया, कटिहार और पटना के कुछ इलाकों में बारिश हुई, जबकि बेगूसराय में बादल छाए हुए हैं।उधर, नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिख रहा है। मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से औराई-कटरा को जोड़ने वाला कटरा पीपा पुल डूब गया है। वहीं मुंगेर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे दियारा क्षेत्र में कटाव तेज हो गया है। गोपालगंज में भी कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।