PATNA: बिहार में शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया को लेकर शिक्षा विभाग ने नई समय-सारणी जारी की है। पहले सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक निर्धारित थी, लेकिन राज्य के कई जिलों में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की स्थिति के साथ-साथ तकनीकी एवं व्यवहारिक कठिनाइयों के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अब 1 अक्टूबर 2026 को समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण के बाद विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद शिक्षक 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
पहले 17 सितंबर से शुरू होना था आवेदन
बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया को अलग-अलग चरणों में पूरा किया जा रहा है। इसके तहत पहले चरण में समायोजन/समानुपातीकरण और दूसरे चरण में पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया चल रही है।
विभाग ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में उत्पन्न बाढ़ की गंभीर स्थिति और प्राकृतिक आपदा के कारण इन दोनों चरणों की गतिविधियों को निर्धारित समय पर पूरा करने में अपरिहार्य विलंब हुआ है। इसी वजह से तीसरे चरण यानी सामान्य स्थानांतरण की निर्धारित समय-सारणी में बदलाव किया गया है।
4 से 10 अक्टूबर तक आवेदन
नई समय-सारणी के अनुसार, सामान्य स्थानांतरण के लिए शिक्षक 4 से 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस दौरान शिक्षक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का विकल्प चुन सकेंगे। इसके पहले 1 अक्टूबर को समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण के बाद विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों को जारी किया जाएगा।
नवंबर तक चलेगी स्थानांतरण की प्रक्रिया
शिक्षकों की सामान्य स्थानांतरण सूची तैयार करने और उससे जुड़ी अपील की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस अवधि में जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति द्वारा स्थानांतरण सूची का प्रकाशन, सूची पर अपील और अपीलों का निष्पादन किया जाएगा।
नई समय-सारणी
1 अक्टूबर 2026: संशोधित विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन
4 से 10 अक्टूबर 2026: सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन और विद्यालयों का विकल्प चयन
12 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026: स्थानांतरण सूची का प्रकाशन, अपील और अपीलों का निष्पादन
इस बदलाव के बाद बिहार के शिक्षकों को सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन करने के लिए अब 4 अक्टूबर 2026 तक इंतजार करना होगा।