Bihar Love Affair Case: उत्तर प्रदेश से अपने प्रेमी के पास मुजफ्फरपुर पहुंची 26 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई. आरोप है कि प्रेमी और उसके परिजनों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया था. इसके बाद युवती ने जहर खा लिया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी थी.
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के लहरौली बाजार निवासी मुन्नी कुमारी के रूप में हुई है. वह गोरखपुर की एक निजी कंपनी में काम करती थी. जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले वह घर से यह कहकर निकली थी कि उसके कमरे में चोरी हो गई है और वह काम वाली जगह जा रही है. लेकिन वह गोरखपुर जाने के बजाय सीधे मुजफ्फरपुर पहुंच गई.
शनिवार को मुजफ्फरपुर के चक्कर चौक के पास युवती सड़क पर बेहोशी की हालत में मिली. स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया, जिसमें युवती ने बताया कि वह अपने प्रेमी के घर पहुंची थी, लेकिन प्रेमी और उसके परिवार के लोगों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया.
युवती का आरोप था कि प्रेमी और उसके परिजनों ने उसे जहर खाकर मर जाने तक के लिए कह दिया. इससे आहत होकर उसने जहर खा लिया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.