बिहार की राजनीति में बाहुबल और सियासत का पुराना रिश्ता रहा है। यहां कई ऐसे चेहरे हैं, जिनकी पहचान कभी आपराधिक मुकदमों और जेल की सलाखों से बनी तो कभी चुनावी जीत और राजनीतिक रसूख ने उन्हें फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया। मोकामा के अनंत सिंह हों, पूर्व सांसद आनंद मोहन हों या नवादा के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव, इन तीनों के नाम अलग-अलग वजहों से बिहार की सियासत में सुर्खियां बटोरते रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों में अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी और उनकी राजनीतिक सक्रियता चर्चा में रही। दूसरी तरफ आनंद मोहन की रिहाई के बाद उनकी सियासी गतिविधियां भी लगातार सुर्खियों में बनी रहीं। अब इस कड़ी में राजबल्लभ यादव का नाम फिर सामने आया है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पटना हाईकोर्ट से बरी होने के बाद बिहार सरकार ने उनकी रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे दी है। सरकार ने विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल कर हाईकोर्ट के फैसले को रद्द करने की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से ही एक बड़ा सवाल पूछ लिया है। याचिका दाखिल करने में हुई 201 दिनों की देरी पर अदालत ने जवाब मांगा है। ऐसे में राजबल्लभ यादव की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
अनंत सिंह से राजबल्लभ तक, बिहार में बाहुबल और सियासत की चर्चा
बिहार में अनंत सिंह की पहचान मोकामा के छोटे सरकार के तौर पर रही है। जेल में रहने से लेकर विधानसभा चुनाव में उनकी राजनीतिक ताकत और फिर बेटी की भव्य शादी तक, वह लगातार सुर्खियों में बने रहे हैं। हाल ही में उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी में जुटी राजनीतिक हस्तियों और बड़े आयोजन ने एक बार फिर उनके रसूख की चर्चा तेज कर दी। इस बीच विधानसभा चुनाव के समय का एक मामले में कोर्ट का आदेश आया और उन्हें 4 दिसम्बर तक सरेंडर करने का आदेश कर दिया गया है।
वहीं, आनंद मोहन भी बिहार की राजनीति का ऐसा नाम हैं, जिनकी रिहाई के बाद राजनीतिक गतिविधियों पर सबकी नजर रही। उनकी राजनीतिक विरासत और सार्वजनिक जीवन में सक्रियता को लेकर समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में अब जो मामला सामने आया है उसके मुताबिक पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द हो गई है।सुप्रीम कोर्ट ने एक महीने में सरेंडर का आदेश दिया है।
अब राजबल्लभ यादव का मामला भी इसी राजनीतिक परिदृश्य में चर्चा का विषय बन गया है। अगस्त 2025 में जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कीं। आरजेडी से दूरी बनाकर जेडीयू में शामिल हुए और नवादा विधानसभा सीट से अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा। उनकी पत्नी चुनाव जीतकर विधायक बनीं। यानी जेल से बाहर आने के बाद राजबल्लभ यादव ने अपनी राजनीतिक जमीन को फिर मजबूत करने की कोशिश की। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार की याचिका ने उनके सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
हाईकोर्ट से मिली थी राहत, अब सुप्रीम कोर्ट पहुंची सरकार
राजबल्लभ यादव को नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में निचली अदालत ने दोषी ठहराया था। इस मामले में उनके साथ पांच अन्य आरोपियों को भी सजा सुनाई गई थी। हालांकि, अपील पर सुनवाई करते हुए पटना हाईकोर्ट ने 14 अगस्त को राजबल्लभ यादव समेत सभी छह आरोपियों को बरी कर दिया था।
हाईकोर्ट की खंडपीठ ने मामले में पेश किए गए सबूतों, पीड़िता की उम्र, मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का परीक्षण किया था। अदालत ने माना था कि आरोप साबित करने के लिए प्रस्तुत साक्ष्य पर्याप्त नहीं हैं। इसी आधार पर आरोपियों को संदेह का लाभ दिया गया।हाईकोर्ट के इस फैसले के खिलाफ अब बिहार सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। सरकार का कहना है कि फैसले में कुछ महत्वपूर्ण कानूनी और तथ्यात्मक पहलुओं पर सही तरीके से विचार नहीं किया गया।
पीड़िता की गवाही और मैट्रिक सर्टिफिकेट पर सरकार का जोर
राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी है कि पीड़िता की गवाही भरोसेमंद थी। किसी आपराधिक मामले में पीड़िता की विश्वसनीय गवाही दोषसिद्धि का आधार बन सकती है। इसके लिए हर स्थिति में अतिरिक्त गवाहों की जरूरत नहीं होती।
सरकार ने पीड़िता के मैट्रिक सर्टिफिकेट को भी अहम दस्तावेज बताया है। उसका कहना है कि यह वैध शैक्षणिक प्रमाणपत्र था और निचली अदालत में आरोपी पक्ष ने इसे फर्जी बताकर चुनौती नहीं दी थी। ऐसे में उम्र निर्धारित करने के लिए इसे नजरअंदाज करना उचित नहीं था।
मेडिकल रिपोर्ट को लेकर भी सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले पर सवाल उठाए हैं। सरकार के मुताबिक, जिस महिला डॉक्टर की रिपोर्ट पर हाईकोर्ट ने भरोसा किया, वह रिपोर्ट अदालत में विधिवत पेश नहीं की गई थी और कोर्ट रिकॉर्ड का हिस्सा भी नहीं थी।सरकार ने यह भी कहा है कि पीड़िता के शरीर पर बाहरी चोट नहीं मिलने का मतलब यह नहीं है कि उसके साथ अपराध नहीं हुआ।
201 दिनों की देरी पर सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब
राज्य सरकार की SLP पर जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ सुनवाई कर रही है। सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिका दाखिल करने में हुई 201 दिनों की देरी पर सवाल उठाया।सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ निर्धारित समय-सीमा होने के बावजूद सरकार ने याचिका दाखिल करने में इतनी देर क्यों की?
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के 2013 के नियमों के मुताबिक, आपराधिक मामलों में हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सामान्य तौर पर 90 दिनों के भीतर SLP दाखिल करनी होती है। हालांकि, पर्याप्त कारण बताकर देरी माफ करने की मांग की जा सकती है। इस पर फैसला अदालत करती है।सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के साथ राजबल्लभ यादव को भी नोटिस जारी किया है। अगली सुनवाई 5 जनवरी 2027 को होने की संभावना है।
जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाने का था आरोप
यह मामला उस समय चर्चा में आया था, जब पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसे जन्मदिन की पार्टी के बहाने बिहारशरीफ स्थित राजबल्लभ यादव के आवास पर ले जाया गया था। वहां नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया था कि उसे वहां ले जाने वाली महिला ने राजबल्लभ यादव से 30 हजार रुपये लिए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 376, 120बी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।इस केस में सुलेखा देवी, राधा देवी, संदीप सुमन, टूसी देवी और छोटी देवी को भी आरोपी बनाया गया था। निचली अदालत ने सभी छह आरोपियों को दोषी ठहराया था, लेकिन हाईकोर्ट ने बाद में उन्हें बरी कर दिया।
अब राजबल्लभ की सियासत के साथ कानूनी भविष्य पर नजर
बिहार में अनंत सिंह, आनंद मोहन और राजबल्लभ यादव जैसे चर्चित राजनीतिक चेहरों की गतिविधियां अक्सर सत्ता, प्रभाव और कानून को लेकर बहस खड़ी करती रही हैं। हालांकि, तीनों के मामले और कानूनी परिस्थितियां अलग-अलग हैं।राजबल्लभ यादव के लिए फिलहाल सबसे बड़ा सवाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित याचिका है। एक तरफ उनकी पत्नी की चुनावी जीत के बाद राजनीतिक प्रभाव की चर्चा है, तो दूसरी तरफ बिहार सरकार उनकी रिहाई को चुनौती दे रही है।
अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि सुप्रीम कोर्ट 201 दिनों की देरी को माफ करता है या नहीं और हाईकोर्ट के फैसले पर आगे क्या रुख अपनाता है। फिलहाल इतना तय है कि बिहार की सियासत में राजबल्लभ यादव का नाम एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।