PATNA: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को बाढ़ के नदवां में धूमधाम से होगी। इस शाही शादी को लेकर इलाके में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में लोग समारोह में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे।
शादी की सबसे खास बात यह है कि VVIP और आम मेहमानों के लिए खाने की वैरायटी एक जैसी रखी गई है। भोजन के मामले में किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा। अंतर सिर्फ बैठने, स्वागत और खाना परोसने की व्यवस्था में रहेगा।
मेहमानों के लिए खाने में पुलाव, पुरी, दाल, रायता, तीन तरह की सब्जियां, पनीर की सब्जी, दाल मखनी, लिट्टी-चोखा, नान, तंदूरी रोटी, सलाद, पापड़ और अचार परोसे जाएंगे।
वहीं, स्टार्टर में चाट, गोलगप्पे, आलू टिक्की, डोसा, इडली, चाउमीन, पिज्जा, पास्ता और बर्गर की व्यवस्था रहेगी। मिठाई में रसगुल्ला, गुलाब जामुन, काजू कतली, राजभोग, मालपुआ और खाजा समेत कई तरह की मिठाइयां परोसी जाएंगी।
अनंत सिंह की बेटी की शादी में करीब 4 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है, जबकि 5 लाख मेहमानों के लिए भोजन तैयार किया जाएगा। VVIP मेहमानों के लिए करीब 10 बीघा जमीन में भव्य पंडाल बनाया गया है। यहां 30 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां अलग-अलग तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे।
वहीं, आम मेहमानों के लिए करीब 15 बीघा जमीन में भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सात अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं। इन पंडालों में खाना बनाने से लेकर मेहमानों को भोजन परोसने तक के इंतजाम किए गए हैं।
इस तरह शादी समारोह में VVIP और आम मेहमानों को एक जैसी खाने की वैरायटी मिलेगी।