PATNA: बिहार के बाहुबली मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बिटिया शिवांगी सिंह की शादी की चर्चा इन दिनों खूब हो रही है। 25 नवंबर को शिवांगी की शादी बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से होने जा रही है। शादी से पहले दूल्हे राजा को गिफ्ट में मिलने वाली 3 करोड़ की गाड़ी की चर्चा हो रही है, वही घुड़दौड़ में विजेता को थार गाड़ी देने का ऐलान अनंत सिंह ने किया, जिसकी भी चर्चा खूब हो रही है। यहां तक कि 3 लाख शादी के कार्ड की भी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है। अब उनकी बेटी के ससुराल में बने नये आलीशान मकान की चर्चा हो रही है। 


शादी को लेकर दूल्हे के परिवार में भी खास तैयारियां की जा रही हैं। शिवांगी के स्वागत के लिए उनके होने वाले ससुर और सीआरपीएफ कमांडेंट रणविजय कुमार सिंह ने बिहटा के कृष्णा नगर में करीब दो कट्ठा जमीन पर नया मकान बनवाया है। शादी के बाद शिवांगी इसी घर में रहेंगी। खास बात यह है कि शादी के साथ ही इस नए मकान में गृह प्रवेश की रस्म भी होगी।


बहू के स्वागत के लिए तैयार हुआ नया आशियाना

मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से तय हुई है। इसे लेकर लड़के पक्ष में भी उत्साह का माहौल है। ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं। उन्होंने अपने इकलौते बेटे और होने वाली बहू के लिए बिहटा नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 स्थित कृष्णा नगर में नया मकान बनवाया है। परिवार की योजना है कि शादी के बाद शिवांगी इसी घर में रहेंगी। नए मकान में गृह प्रवेश और अन्य पारिवारिक रस्मों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


रणविजय सिंह बोले- लक्ष्मी के रूप में घर में प्रवेश करेंगी शिवांगी

ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह ने बताया कि अनंत सिंह के परिवार से रिश्ता जुड़ना उनके और पूरे परिवार के लिए खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि शिवांगी के लिए रिश्ता लड़की पक्ष की ओर से आया था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद शादी तय हुई। उन्होंने कहा कि शिवांगी उनके नए घर में लक्ष्मी के रूप में प्रवेश करेंगी। परिवार लंबे समय तक अहमदाबाद में रहा है, लेकिन इकलौते बेटे की शादी अब बिहटा स्थित नए मकान से होगी।


25 नवंबर को नादवां गांव जाएगी बारात

परिवार के मुताबिक, ऋषिकेश का तिलक समारोह पटना के एक रिजॉर्ट में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 25 नवंबर को बिहटा से बारात मोकामा विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नादवां के लिए रवाना होगी। शादी से पहले नए मकान में गृह प्रवेश और ऋषिकेश का जनेऊ संस्कार भी आयोजित किया जाएगा। शादी के बाद शिवांगी कुछ समय ससुराल में रहेंगी। इसके बाद ऋषिकेश और शिवांगी अमेरिका चले जाएंगे।


अमेरिका में नौकरी करते हैं ऋषिकेश

रणविजय कुमार सिंह ने बताया कि उनका परिवार शुरू से अहमदाबाद में रहा है। ऋषिकेश की दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई भी अहमदाबाद से हुई है। इसके बाद उन्होंने अमेरिका से ग्रेजुएशन और एमबीए की पढ़ाई पूरी की। फिलहाल वह अमेरिका में नौकरी कर रहे हैं। वहीं, ऋषिकेश की छोटी बहन कोमल कुमारी भी अमेरिका में एमबीबीएस डॉक्टर हैं। परिवार मूल रूप से बिहटा प्रखंड के घोड़ाटॉप गांव का रहने वाला है।