PATNA: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा और बिहार की महिलाओं को लेकर अश्लील टिप्पणी करना यूट्यूबर और स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को काफी महंगा पड़ गया। पटना साइबर थाने में माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद अब बीजेपी की महिला विधायकों ने मोर्चा खोल दिया है।
छठ व्रत करने वाली महिलाओं और सिंदूर पर अभद्र टिप्पणी को लेकर बीजेपी की महिला विधायक और कार्यकर्ता पटना के कोतवाली थाने पहुंची और उक्त कॉमेडियन के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। अश्लील बयान को लेकर बिहार की महिलाओं में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
महिला विधायकों ने पुलिस से यश माहेश्वरी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कहा है कि माफी मांगने से काम नहीं चलेगा, माहेश्वरी ने महापर्व छठ करने वाली महिलाओं के ऊपर भद्दी और अश्लील टिप्पणी की है, जो बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी भड़ांस निकाल रहे हैं, और उक्त कॉमेडियन पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पटना साइबर थाना पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि यूट्यूब चैनल @Almostyash पर बिहार की महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज वाला कंटेंट प्रसारित किया गया है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 24 नवंबर को कांड संख्या 1550/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की.
पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा होने की आशंका थी. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत केस दर्ज किया गया है. फिलहाल साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वीडियो जारी कर यश माहेश्वरी ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने और सोशल मीडिया पर लगातार विरोध होने के बाद यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है. उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं और छठ पूजा को लेकर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी.
माफीनामे में उन्होंने कहा कि उनका किसी की धार्मिक भावनाओं या छठ पर्व मनाने वाले लोगों को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था. हालांकि, उन्होंने माना कि इस तरह का मजाक करना उनकी गलती थी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह इस घटना से सीख लेंगे और भविष्य में ऐसी टिप्पणी करने से बचेंगे. साथ ही अपनी बातों से आहत हुए लोगों से दोबारा माफी मांगी..
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यश माहेश्वरी के स्टैंडअप शो ‘Morally Questionable’ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं की मांग में लगाए जाने वाले लंबे सिंदूर को लेकर अश्लील मजाक किया था. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे बिहार की महिलाओं का अपमान और छठ पर्व की धार्मिक परंपरा के प्रति अनादर बताया.
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया. कई लोगों ने कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई. भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता ऋतु जायसवाल ने भी उनकी टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई थी. मामला बढ़ने के बाद पटना साइबर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बिहारी महिलाओं के सिंदूर पर कॉमेडी से छिड़ा विवाद
स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने बिहार की महिलाओं की मांग में लगे सिंदूर की लंबाई की तुलना कथित तौर पर पुरुषों के निजी अंग से कर दी। उनकी इस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया यूजर्स इसे बिहार की महिलाओं और उनकी सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान बता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने 21 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया था। यह वीडियो दिल्ली-एनसीआर में आयोजित उनके एक शो का बताया जा रहा है। वीडियो में वह बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। इस दौरान दर्शकों के हंसने की आवाज भी सुनाई देती है।
कॉमेडियन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग
यश माहेश्वरी की कॉमेडी का शॉर्ट वीडियो और रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बिहार के लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी महिलाओं की गरिमा और बिहार की सांस्कृतिक पहचान का अपमान है। लोग बिहार पुलिस को टैग कर कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा नेत्री रितु जायसवाल ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कॉमेडियन के खिलाफ बिहार के सभी जिलों में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
रितु जायसवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि छठ महापर्व और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे उसे अपनी गलती का एहसास हो। उन्होंने कहा कि अगली छठ में उसे बिहार आकर महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन करना चाहिए। छठ की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रितु ने एक्स पर यह ट्वीट किया कि" हमारे महापर्व छठ और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले इस शख्स के खिलाफ बिहार के प्रत्येक जिले में FIR दर्ज होनी चाहिए। ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई हो कि इसे अपनी गलती का एहसास हो और अगली छठ में हमारे महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन कर सके। छठ की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं!"
कौन है यश माहेश्वरी?
यूट्यूब पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यश माहेश्वरी राजस्थान के रहने वाले हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 29 हजार सब्सक्राइबर हैं। वहीं, उनका इंस्टाग्राम अकाउंट फिलहाल बंद बताया जा रहा है। इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर कॉमेडी के नाम पर महिलाओं और किसी राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों की मर्यादा पर भी बहस छिड़ गई है।