IPS Preeta Verma: बिहार के DGP विनय कुमार 21 दिनों की छुट्टी पर चले गए हैं. उनके अवकाश पर जाने के बाद 1991 बैच की वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को बिहार के DGP का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. प्रीता वर्मा फिलहाल DG-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं के पद पर तैनात हैं.


विनय कुमार 15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अवकाश पर रहेंगे. गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, उन्हें अपरिहार्य निजी और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अर्जित अवकाश दिया गया है. उनकी गैरमौजूदगी में बिहार पुलिस के DGP का अतिरिक्त प्रभार प्रीता वर्मा संभालेंगी.


कौन हैं प्रीता वर्मा

प्रीता वर्मा बिहार कैडर की 1991 बैच की वरिष्ठ IPS अधिकारी हैं. वह राज्य पुलिस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं. वर्तमान में वह गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं की महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा हैं.


विनय कुमार के अवकाश पर जाने के बाद अब उन्हें बिहार पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. यह जिम्मेदारी 15 सितंबर से प्रभावी है और 5 अक्टूबर तक रहेगी. विनय कुमार के छुट्टी से लौटने के बाद वह दोबारा DGP का नियमित पदभार संभालेंगे.


नए स्थायी DGP की सूची में भी नाम

प्रीता वर्मा का नाम सिर्फ अतिरिक्त प्रभार मिलने के कारण ही चर्चा में नहीं है. बिहार सरकार ने राज्य के नए स्थायी DGP के चयन के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को जिन अधिकारियों के नाम भेजे हैं, उनमें प्रीता वर्मा का नाम भी शामिल है.


विनय कुमार का मौजूदा कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होना है. ऐसे में आने वाले समय में नए स्थायी DGP के चयन की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी. प्रीता वर्मा का नाम इस प्रक्रिया में शामिल होने के कारण उनकी भूमिका पर भी नजर बनी हुई है.


5 अक्टूबर तक संभालेंगी अतिरिक्त जिम्मेदारी

गृह विभाग की अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि विनय कुमार के अवकाश की अवधि में प्रीता वर्मा DGP, बिहार के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी. इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचना भेजी गई है.


अधिसूचना की प्रतियां केंद्रीय गृह मंत्रालय, महालेखाकार बिहार, कोषागार पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई हैं. विनय कुमार के 5 अक्टूबर को अवकाश से लौटने के बाद DGP का नियमित प्रभार फिर उनके पास चला जाएगा.