Bihar Weather Alert: बिहार में इस समय मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है। एक ओर दक्षिण बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर उत्तर और पूर्वी बिहार में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य में इस सीजन पहली बार अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
खगड़िया में मंगलवार सुबह से तेज बारिश हो रही है, जबकि बेगूसराय में काले बादलों के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को बिहार के 26 जिलों के लिए आंधी और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 15 जिलों—सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया—के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई और पटना समेत 11 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान और वज्रपात की संभावना है।
सोमवार को मोतिहारी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा और किशनगंज में तेज हवा और आंधी के साथ बारिश हुई। शिवहर में बारिश के दौरान ओले भी गिरे। बीते 24 घंटों में रोहतास का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार मौसम में बदलाव की मुख्य वजह “हीट लो प्रेशर बेल्ट” और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाओं का टकराव है। लगातार तेज धूप के कारण बिहार की जमीन अत्यधिक गर्म हो चुकी है। इससे निचली सतह की गर्म हवा तेजी से ऊपर उठ रही है और कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है।
दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। जब गर्म और ठंडी नमी वाली हवाएं आपस में टकराती हैं, तब अचानक बादल बनते हैं और तेज आंधी, बारिश तथा वज्रपात जैसी स्थिति पैदा होती है। मौसम वैज्ञानिक इसे “प्री-मानसून एक्टिविटी” का असर मान रहे हैं।
इस सीजन में पहली बार बिहार का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। रविवार को रोहतास के डेहरी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी नजर आईं। गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार में गंभीर हीटवेव जैसी स्थिति बताते हुए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।