Vande Bharat : वंदे भारत एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने वंदे भारत ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब यदि वंदे भारत एक्सप्रेस अपने गंतव्य तक पहुंचने में दो घंटे या उससे अधिक की देरी करती है, तो यात्रियों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।


यह सुविधा फिलहाल देशभर की सभी वंदे भारत ट्रेनों पर लागू कर दी गई है। हालांकि इसका लाभ केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगा, जिन्होंने टिकट बुकिंग के समय फूड ऑप्शन का चयन किया होगा। रेलवे और आईआरसीटीसी का मानना है कि इस फैसले से यात्रियों को देरी की स्थिति में काफी राहत मिलेगी।


दो घंटे की देरी पर मिलेगा मुफ्त भोजन

आईआरसीटीसी के नए नियम के अनुसार यदि वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय से दो घंटे या उससे अधिक देरी से चलती है, तो यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भोजन में चावल, दाल और अचार जैसी सामान्य खाद्य सामग्री दी जाएगी। यदि किसी कारण से यह भोजन उपलब्ध नहीं हो पाता है तो यात्रियों को पैक्ड लंच दिया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह भोजन ट्रेन की पैंट्री कार से सीधे यात्रियों की सीट तक पहुंचाया जाएगा, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।


टिकट बुकिंग के समय चुनना होगा फूड ऑप्शन

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को टिकट बुक करते समय भोजन का विकल्प चुनना अनिवार्य होगा। जिन यात्रियों ने टिकट के साथ भोजन बुक नहीं किया होगा, उन्हें देरी की स्थिति में मुफ्त भोजन की सुविधा नहीं मिलेगी।  आईआरसीटीसी अधिकारियों का कहना है कि वंदे भारत ट्रेनों को अब राजधानी और शताब्दी एक्सप्रेस की तर्ज पर सुविधाएं दी जा रही हैं। इन दोनों प्रीमियम ट्रेनों में पहले से ही दो घंटे से अधिक की देरी पर मुफ्त भोजन देने का प्रावधान लागू है।


बिहार के यात्रियों को होगा बड़ा फायदा

इस फैसले का लाभ बिहार के हजारों यात्रियों को भी मिलेगा। विशेष रूप से गोरखपुर-पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस और जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, हाजीपुर, समस्तीपुर, सलौना, हसनपुर रोड और सहरसा जैसे स्टेशनों से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन वंदे भारत ट्रेनों से यात्रा करते हैं। अब ट्रेन के लंबे समय तक विलंबित होने पर यात्रियों को भोजन की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।


एनआई वर्क के दौरान सामने आई थी समस्या

हाल ही में सात जून को पाटलिपुत्र जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस नरकटियागंज के पास नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण दो घंटे से अधिक देर हो गई थी। इस दौरान यात्रियों ने भोजन की मांग की थी। इसके बाद रेलवे की ओर से यात्रियों को चावल, दाल और अचार उपलब्ध कराया गया था।


यात्रियों की इसी समस्या को देखते हुए आईआरसीटीसी ने अब इसे स्थायी व्यवस्था का रूप दे दिया है। रेलवे का मानना है कि ट्रैक मेंटेनेंस, तकनीकी कारणों या परिचालन संबंधी समस्याओं के चलते कई बार ट्रेनें विलंबित हो जाती हैं, ऐसे में यह सुविधा यात्रियों को बड़ी राहत देगी।


यात्रियों के लिए क्या है नया नियम?

आईआरसीटीसी का यह नया कदम यात्रियों की सुविधा और संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। आने वाले समय में इससे वंदे भारत ट्रेनों में सफर करने वाले लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।