VAISHALI: बिहार के वैशाली जिले में नीतीश सेतु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के कई नेताओं के पोस्टर फाड़े जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के बयान पर रुस्तमपुर थाने में 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 



पुलिस ने अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।


दरअसल, 21 नवंबर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दर्जनों की संख्या में युवक और बच्चे हाथों में राजद (राष्ट्रीय जनता दल) का झंडा लेकर नीतीश सेतु पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी की। वही पीएम मोदी और सम्राट चौधरी के खिलाफ नारे लगाए। 


इसी बीच कुछ युवकों ने सेतु पर लगाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक के मुताबिक, बीडीओ के बयान पर 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


हालांकि, इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल से नीतीश सेतु तक जाने वाले रास्ते पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद दर्जनों युवक और बच्चे सेतु पर पहुंच गए और पोस्टर फाड़ने लगे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह पूरी घटना हुई, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी दिखाई देने की बात कही जा रही है।


फिलहाल स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस वायरल वीडियो के जरिए अन्य आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।