DESK:वैशाली से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां बड़ा नाव हादसा हुआ है। इस हादसे में 8 बच्चों सहित 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी है। इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया।


 बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास लोगों से भरी नाव नदी में पलट गई। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें आठ बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे। सभी लोग भोज खाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर श्यामचंद गांव के नजदीक नाव गंगा नदी में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। नदी में डूबे अन्य लोगों की तलाश और बचाव कार्य को लेकर प्रयास जारी हैं।


इस घटना पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। तेजस्वी यादव ने कहा कि डूबने वालों में अधिकांश बच्चे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से बातचीत कर राहत-बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश देने की बात कही। फिलहाल, हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।


वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के मुताबिक, मृतकों में ज्यादातर नाबालिग हैं। नाव पर सवार लोग भोज में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस के अधिकारियों और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर रवाना किया गया है। नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे से प्रभावित लोगों की तलाश और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने के लिए टीमें काम कर रही हैं।