Bihar News: बिहार के विश्वविद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े प्रति-कुलपति (Pro-VC) पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति सैयद आता हसनैन के निर्देश पर बिहार लोक भवन ने सर्च कमेटियों का गठन कर दिया है। अगले महीने राज्य के 15 विश्वविद्यालयों में प्रति-कुलपतियों की नियुक्तियां किए जाने की तैयारी है। इसके लिए जल्द ही योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे।
राज्यपाल सचिवालय के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित नियमों और पारदर्शी व्यवस्था के तहत होगी। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद सर्च कमेटियां उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को बिहार लोक भवन में साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। कुलपति और प्रति-कुलपति पदों के लिए अलग-अलग इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
जिन विश्वविद्यालयों में प्रति-कुलपतियों की नियुक्ति होनी है, उनमें पटना विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी, मगध विश्वविद्यालय और वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय सहित कई अन्य संस्थान शामिल हैं। लंबे समय से इन विश्वविद्यालयों में प्रशासनिक पद खाली रहने के कारण शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।
इसके साथ ही कई विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मगध विश्वविद्यालय, मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय और तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में कुलपति पदों के लिए आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उम्मीदवारों की प्रोफाइल की ऑनलाइन जांच के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उच्च शिक्षा विभाग और राजभवन का मानना है कि नियमित प्रशासनिक व्यवस्था से विश्वविद्यालयों में परीक्षा, शोध और अन्य अकादमिक गतिविधियों में तेजी आएगी। सूत्रों के अनुसार अगले महीने सर्च कमेटियां इंटरव्यू और स्क्रीनिंग प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगी। उम्मीदवारों का चयन उनके अनुभव, शैक्षणिक उपलब्धियों और प्रशासनिक क्षमता के आधार पर किया जाएगा। नई नियुक्तियों को लेकर शिक्षकों और छात्रों के बीच भी उत्साह देखा जा रहा है।