बिहार में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से TRE-4 (Teacher Recruitment Examination-4) की अधिसूचना का इंतजार कर रहे युवाओं को अब और ज्यादा समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। राज्य के शिक्षा मंत्री ने साफ शब्दों में संकेत दिया है कि TRE-4 का नोटिफिकेशन जुलाई महीने जारी किया जाएगा और इसके बाद आवेदन प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी।
शिक्षा मंत्री ने आज मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता योग्य शिक्षकों की समय पर बहाली करना है, ताकि शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की ओर से इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर सभी जरूरी दिशा-निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं और विभागीय स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मंत्री ने कहा कि “जो भी छात्र-छात्राएं शिक्षक बनने का सपना देख रहे हैं, उन्हें अब लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विभाग और आयोग दोनों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। इसी आधार पर यह तय है कि TRE-4 की अधिसूचना जुलाई महीने में जारी कर दी जाएगी। इसमें किसी प्रकार का ‘अगर-मगर’ नहीं है।”
इस घोषणा के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। सोशल मीडिया से लेकर कोचिंग संस्थानों तक इस बयान की चर्चा तेज हो गई है। लंबे समय से तैयारी कर रहे उम्मीदवार अब आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं ताकि वे आवेदन प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
जब शिक्षा मंत्री से यह पूछा गया कि इस बार TRE-4 के तहत कितने पदों पर भर्ती होगी, तो उन्होंने फिलहाल स्पष्ट संख्या बताने से इनकार किया। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि अभ्यर्थियों को पदों की संख्या को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि “इस बार पर्याप्त और उचित संख्या में बहाली की जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही अधिसूचना जारी होगी, उसमें सभी विस्तृत जानकारी जैसे पदों की संख्या, योग्यता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न स्पष्ट रूप से घोषित कर दिया जाएगा। विभाग किसी भी प्रकार की अस्पष्टता नहीं रखना चाहता।
गौरतलब है कि बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षाओं को लेकर पहले से ही भारी प्रतिस्पर्धा और उत्साह रहा है। TRE-1 ,TRE- 2 और TRE-3 के बाद अब TRE-4 को लेकर उम्मीदवारों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। कई अभ्यर्थी महीनों से कोचिंग और तैयारी में जुटे हुए हैं।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय पर TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी हो जाता है, तो यह राज्य की शिक्षा व्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे स्कूलों में शिक्षकों की कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकेगा।
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से यह संकेत मिलना कि नोटिफिकेशन इसी महीने जारी होगा, अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब सभी की नजरें आधिकारिक अधिसूचना पर टिकी हुई हैं, जो आने वाले दिनों में कभी भी जारी हो सकती है। TRE-4 को लेकर इस अपडेट के बाद बिहार के लाखों युवाओं में नई उम्मीद जगी है और अब वे परीक्षा की तैयारी को और तेज कर रहे हैं।