परिवहन विभाग एक दरोगा (प्रवर्तन अवर निरीक्षक) अमित गुप्ता के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी चल रही है। आय से अधिक संपत्ति मामले में परिवहन दरोगा के भोजपुर स्थित पैतृक आवास और पदस्थापन वाले जिले में रेड की खबर है। बताया जाता है कि प्रवर्तन अवार निरीक्षक ने सेवा काल में अवैध कमाई से अकूत संपत्ति अर्जित की है।आरा के गिरिजा मोड पर भव्य मकान बनाया है । वहां पर भी आर्थिक अपराध इकाई की टीम पहुंची हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित गुप्ता अब से पहले पटना में पदस्थापित थे। हाल ही में इनका ट्रांसफर मोहनिया चेक पोस्ट पर हुआ है। इनके खिलाफ भ्रष्टाचार कर अकूत संपत्ति अर्जित करने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। भोजपुर जिला ट्रक ओनर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय यादव ने भी आर्थिक अपराध इकाई से अमित गुप्ता के खिलाफ शिकायत की थी और संपत्ति की जांच की मांग की थी।
आर्थिक अपराध इकाई की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ EOU थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 में 2018 के संशोधन के बाद लागू प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है। मामले में धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अमित कुमार गुप्ता कैमूर जिले के मोहनियां चेक पोस्ट पर प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। प्राथमिकी में उनका स्थायी पता भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास बताया गया है। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, उनके खिलाफ मिली विश्वसनीय सूचना का सत्यापन कराया गया था। सत्यापन के दौरान उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों की तुलना में करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये की ऐसी संपत्ति का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला, जिसे आय से अधिक संपत्ति के तौर पर जांच के दायरे में लिया गया है।
EOU के मुताबिक यह राशि उनकी ज्ञात आय के मुकाबले लगभग 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाशी की कार्रवाई शुरू की है। तलाशी का उद्देश्य संबंधित संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच करना है।
बुधवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने अमित कुमार गुप्ता से जुड़े दो ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। पहली टीम भोजपुर जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास स्थित उनके निजी आवास पर पहुंची। वहीं दूसरी टीम ने पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र में स्थित साई वरदान सिटी के फ्लैट नंबर 609, ब्लॉक-सी में तलाशी की कार्रवाई शुरू की।
दोनों स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है। EOU की टीमें आवास और फ्लैट में उपलब्ध दस्तावेजों, संपत्ति से संबंधित कागजात और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री की जांच कर रही हैं। हालांकि तलाशी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक विस्तृत जानकारी आर्थिक अपराध इकाई की ओर से साझा नहीं की गई है।
आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी। ऐसे में तलाशी के दौरान नकदी, आभूषण, जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज या अन्य संपत्ति संबंधी साक्ष्य मिलने की स्थिति में उनकी जानकारी बाद में सामने आ सकती है। फिलहाल यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों से जुड़े मामले में की जा रही है। प्राथमिकी में सामने आए आंकड़ों और तलाशी से प्राप्त होने वाले दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित संपत्तियों और परिसंपत्तियों का स्रोत क्या है और उनमें से कितनी संपत्ति को वैध आय से जोड़ा जा सकता है।