PATNA: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने सोमवार को पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल होकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली विरासत, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। तिरंगे के साथ सड़क पर निकलना हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
डॉ. सुमन ने कहा कि तिरंगा हमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर एक भारत के रूप में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। आज की तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ शामिल होकर उन्हें विशेष गौरव की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता हमेशा राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता के प्रति सजग रही है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक बिहार ने देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और आज भी बिहार के लोग राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित तिरंगा यात्राएं नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराने का सशक्त माध्यम हैं। हर घर तिरंगा अभियान को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी के जनअभियान के रूप में आगे बढ़ाना चाहिए। डॉ. सुमन ने बिहारवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता तथा विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें।