PATNA: बिहार के खगड़िया निवासी युवक की दिल्ली में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बताया जाता है कि नशे में धुत दिल्ली पुलिस के हवलदार नीरज ने बिहारी कहकर अपमानित करने के बाद गोली मार दी। बिहारी युवक की दिल्ली में हत्या किये जाने की घटना पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का अजीबोगरीब और विवादित बयान सामने आया है।
जब मांझी से मीडिया ने पूछा कि सर दिल्ली में बिहार के एक युवक की हत्या हो गयी है। इस पर मांझी कहने लगे कि “मार दिया तो मार दिया, कौन-सी बड़ी बात है.” जीतन राम मांझी यही नहीं रुकते हैं, वो आगे कहने लगते हैं कि “अगर किसी तरह की शंका होगी तभी मारा होगा, बिना कारण के कोई किसी को नहीं मारता।”
बिहार के वरिष्ठ नेताओं में एक जीतनराम मांझी के इस बयान से सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। वही राजद नेता व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मांझी पर हमला बोला है। कहा है कि जीतनराम मांझी का बयान घटिया है। इनको लोगों से माफी मांगनी चाहिए। मोदी जी की पुलिस बिहारी नाम सुनकर ही गोली मार रही है। यह कौन सा राज है? दिल्ली की यह घटना बहुत ही निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। जो भी सत्ता में हैं उनको जवाब देना चाहिए।
तेजस्वी ने कहा कि कुछ ऐसे मंत्रियों का बयान सुनकर हैरान हूं। जीतन राम मांझी ने जो बयान दिया है वो बयान घटिया है। इनको लोगों से माफी मांगनी चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा सरकार में बिहारी होना ही सबसे बड़ा अपराध और देशद्रोह हो गया है। मोदी जी चुनाव में गाना गा रहे थे कि सिक्सर में छह गोली छाती में मारेंगे आज उनकी पुलिस बिहारी को गोली मार रही है।
बता दें कि नई दिल्ली में खगड़िया निवासी 23 वर्षीय युवक पांडव कुमार की सिर्फ इसलिए गोली मारकर हत्या कर दी गई क्योंकि वह बिहारी था. बिहारी होने के अपराध में ही उसका दोस्त कृष्ण जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। इस घटना पर तेजस्वी यादव ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में जिस जगह बिहारी समझ गोली मारी गई है, वहां निगम पार्षद बीजेपी का, विधायक बीजेपी का, सांसद बीजेपी का, सीएम बीजेपी का, बिहार सीएम बीजेपी का, आधा दर्जन निष्क्रिय बड़बोले केंद्रीय मंत्री बिहार के, उपराज्यपाल बीजेपी के, गृहमंत्री बीजेपी के और प्रधानमंत्री बीजेपी के हैं। सही मायने में बिहारियों के लिए बीजेपी काल बन चुकी है। सवाल उठाया कि क्या इन भाजपाइयों में किसी में हिम्मत है कि एक गरीब मेहनतकश बिहारी की हत्या करने वाले उस हत्यारे पुलिसकर्मी को सजा दिलवा सके?
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि सच्चाई यह है कि 21 वर्षों की नीतीश-भाजपा की खराब नीतियों के कारण बिहारवासियों को मजबूरन दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है, और दूसरे राज्यों की भाजपा सरकार और प्रशासन मेहनतकश बिहारियों को सम्मान नहीं बल्कि शक, नफरत और हीनभावना की नजर से देखती है. हर बार बिहारी पर अत्याचार होता है, प्रवासी बिहारी प्रताड़ना के शिकार होते हैं." तेजस्वी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आने वाली जिस दिल्ली पुलिस पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी ने बिहारी होने मात्र से अपराधी मान लिया और गोली मार दी. आरजेडी नेता ने कहा कि हमारी मांग है कि बिहारियों को प्रताड़ित करने वाली कथित डबल इंजन सरकार जल्द मामले की जांच करवाकर दोषियों पर कार्रवाई करे. पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दे. हत्यारे की सजा दिलाए.
ये घटना बिहार और बिहारवासियों के सम्मान पर आघात है। मांझी जी को कम से कम इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। मांझी जी को बिहार के लोगों से माफी मांगना चाहिए। मोदी जी की पुलिस बिहारी नाम सुनकर गोली मार रही है। यह कौन सा राज है। आज भी भागलपुर में पदाधिकारी की हत्या कर दी गयी। यह कौन सा राज चल रहा है। मोदी जी चुनाव में गाना गा रहे थे कि सिक्सर में छह गोली छाती में मारेंगे आज उनकी पुलिस बिहारी को गोली मार रही है। बुलडोजर कार्रवाई पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट का ऑर्डर है इस पर हमें कुछ नहीं बोलना। इन लोगों से सरकार चलने वाला नहीं है। ये लोग चुनाव के समय दस हजार रुपया बांट रहे थे अब लोगों का घर तोड़ रहे हैं। चुनाव के वक्त माता बहनों और गरीब की बात करेंगे और चुनाव खत्म होगा तब पूंजीपतियों की झोली भरने का काम करेंगे। बीजेपी की हार में ही देश की जीत है।