PATNA: भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े घुसकर अपराधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण को गोलियों से भून डाला, जिससे उनकी मौत हो गयी। वही इस दौरान नगर परिषद के सभापति राजकुमर उर्फ गुड्डू को भी गोली लग गयी। जिससे वो बुरी तरह घायल हो गये। उनका इलाज अस्पताल में जारी है। 


इस घटना को लेकर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर भड़क गये। ट्वीट कर कहने लगे कि 𝐁𝐢𝐠 𝐁𝐫𝐞𝐚𝐤𝐢𝐧𝐠:- भागलपुर में सरकारी अधिकारी की कार्यालय में ही गोली मारकर हत्या! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव में “मारब सिक्सर की 𝟔 गोली छाती में”….गाकर भाजपाई गुंडों को खूब प्रोत्साहित किया था। अब तो उन अपराधियों का ही 𝐂𝐌 है। बीजेपी सरकार में हत्या होना अब मंगलराज की श्रेणी में आता है। #Bihar #Crime


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर के वक्त नगर परिषद कार्यालय में विज्ञापन ठेकों की नीलामी (डाक) प्रक्रिया संपन्न हुई थी। इसके तुरंत बाद EO कृष्ण भूषण अपने चैंबर में सभापति गुड्डू के साथ विभागीय चर्चा कर रहे थे। तभी एक बुलेट पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी कार्यालय परिसर में घुसे और सीधे चैंबर में दाखिल होकर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। 


अपराधियों ने वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमलावर हवा में गोलियां लहराते हुए फरार हो गए।घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने EO कृष्ण भूषण को मृत घोषित कर दिया। 


सभापति गुड्डू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर के मायागंज स्थित JLNMCH रेफर किया गया है, जहाँ वे आईसीयू में भर्ती हैं।सरकारी कार्यालय के भीतर हुई इस दुस्साहसिक हत्या ने बिहार की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती कयासों में इस हमले के तार 'विज्ञापन डाक' और वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देखे जा रहे हैं।


भागलपुर एसएसपी सहित भारी पुलिस बल और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुँच चुकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले की सीमाओं को सील कर छापेमारी की जा रही है।