PATNA: माउंटेन मैन दशरथ मांझी के 19वें महापरिनिर्वाण दिवस पर पटना में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। आरजेडी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित कई आरजेडी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर भारी संख्या में दलित और महादलित समुदाय के लोग शामिल होने के लिए राजद दफ्तर पहुंचे। जहां तेजस्वी यादव ने मंच से लोगों को संबोधित किया।
इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई। तेजस्वी यादव ने श्रद्धांजलि समारोह में दशरथ राम मांझी के नाम की जगह गलती से केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का नाम ले लिया। तभी किसी ने उन्हें बताया कि नाम गलत ले लिये हैं। इतना सुनते ही तेजस्वी यादव नाम में तुरंत सुधार करते हैं। फिर कहते हैं कि दशरथ राम मांझी जी को नमन उन्हें कौन नहीं जानता है। वो किसी पहचान के मोहताज नहीं है। जो काम किसी ने आज तक नहीं किया वो काम दशरथ राम मांझी ने कर दिखाने का काम किया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि दशरथ राम मांझी के नाम पर लोग सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, कोई आज तक उन्हें भारत रत्न नहीं दिला पाया है। जब उनके समाज को आगे बढ़ाने का समय आता है, तब लोग अपने कर्तव्यों से पल्ला झाड़ लेते हैं। आश्चर्य की बात तो यह है कि बिहार सरकार द्वारा माउंटेन मैन दशरथ राम मांझी जी का एक भी प्रतिमा आज तक नहीं लगाया गया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोग चाहते हैं कि दशरथ राम मांझी जी की प्रतिमा पटना में लगाई जाए और उनके नाम पर एक आश्रम भी खोला जाए। तेजस्वी ने आगे कहा कि सबसे बड़ी मांग यह है कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
आज सबसे अंतिम पायदान पर खड़ा समाज है तो मुसहर और भूईयां समाज है। इन्हें मुख्य धारा से जोड़ने और आगे बढ़ाने के काम सरकार को करना चाहिए। लालू जी ने इन लोगों को आगे बढ़ाने का काम किया। पटना में लालू जी इन लोगों को रहने के लिए घर दिया लेकिन आज वह टूट फूट रहा है लेकिन कोई इनका हाल लेने वाला नहीं है। पढ़ाई और लिखाई में यह समाज काफी पीछे है। इन लोगों को शिक्षित करना चाहिए। इन लोगों को गरीबी से मुक्त करने का काम करना चाहिए। लेकिन सत्ता में बैठे हुए लोग इनके घर पर ही बुलडोजर चलवा रहे हैं। इन्हें बेघर कर रहे हैं।
ये लोग नाला के किनारे रहते हैं, उनको भी वहां से हटाने का काम किया जा रहा है। लालू जी इन लोगों को बसाते थे लेकिन भाजपा वाला इन लोगों को उजाड़ने का काम कर रहे हैं। दशरथ राम मांझी कहते थे कि जब तक तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं। उसी तरह आप लोगों को भी प्रण लेना होगा कि ऐसे सरकार को छोड़ना नहीं है ऐसे सरकार को तोड़कर रखने का काम करना है। आप सब लोग एकजुट होकर इस लड़ाई को लड़ने का काम कीजिए और लालू जी के हाथों को मजबूत करने का काम करे। अगर कही भी गरीबों पर बुलडोजर चलेगा तो तेजस्वी वही आकर के खड़ा हो जाएगा, आपके घर को तोड़ने नहीं दिया जाएगा।
पटना से प्रेम राज की रिपोर्ट